Scrollup

 

*पूर्वांचल के प्रति भाजपा का द्वेष उजागर, पिटाई मामले में FIR दर्ज करें, गिरफ़्तारी हो : राघव चड्डा*

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर : आप के दक्षिण दिल्ली प्रभारी राघव चड्ढा ने भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। उन्होंने भाजपा के पूर्वांचल नेता चंदन कुमार चौधरी की पिटाई मामले में एफआईआर दर्ज करके दोषी व्यक्ति की तत्काल गिरफ़्तारी की मांग की है। श्री चड्ढा के अनुसार इस प्रकरण से भाजपा का पूर्वांचल के प्रति द्वेष एक बार फिर उजागर हुआ। ऐसी ही मानसिकता के तहत गुजरात, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में उत्तर भारतीयों को हमलों का शिकार होना पड़ा है।

श्री चड्ढा के अनुसार राष्ट्रीय एकता सभी देशवासियों को जोड़ने से आती है। तीन हज़ार करोड़ ख़र्च करने से एकता नहीं आती। श्री चड्ढा ने पूछा कि भाजपा की यह कैसी यूनिटी है? अपने ही पूर्वांचल नेता को दक्षिणी दिल्ली के सांसद रन फ़ॉर यूनिटी में पीटते हैं, पूरबिया कहकर गाली दी जाती है। श्री चड्ढा के अनुसार राष्ट्रनिर्माण के लिए इंसानियत की राजनीति चाहिए, जो आम आदमी पार्टी कर रही है।

श्री चड्ढा ने कहा कि 28 अक्टूबर को आप ने उत्तर भारतीय स्वाभिमान यात्रा के जरिये राष्ट्रीय एकता का सकारात्मक संदेश दिया। लेकिन आज सरदार पटेल की जयंती पर ऐसी घटना के जरिये भाजपा ने अपनी विघटनकारी नीतियों को उजागर किया है।

श्री चड्ढा ने कहा कि यह सरदार पटेल ही थे, जिन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोया। धर्म-जाति-प्रांत की आज जैसी राजनीति करने वाले तो देश को एकजुट नहीं, विखंडित ही करते।

श्री चड्ढा ने कहा कि दिल्ली के विकास में उत्तर भारतीयों और उत्तराखंड व अन्य राज्यों से आए नागरिकों का भी योगदान है। लेकिन जो भाजपा अपने ही पूर्वांचल नेता के साथ ऐसा सलूक करे, वह आम आदमी के साथ कैसा घिनौना बर्ताव करेगी, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।

श्री चड्ढा ने कहा कि पिटाई कांड के बाद पीड़ित की एफआईआर दर्ज करने से दिल्ली पुलिस ने जिस तरह आनाकानी की, वह भी दुर्भाग्यपूर्ण है। आम आदमी पार्टी नेताओं पर कोई गलत आरोप भी लगा दे, तो तत्काल गिरफ़्तारी हो जाती है। जबकि आज सरेआम हुई घटना पर भी पुलिस चुपचाप बैठी रही।

 

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

sudhir

Leave a Comment