
*नए चेहरे नई उड़ान के नाम पर भाजपा ने नए कलेक्शन एजेंट नगर निगम के अंदर स्थापित कर दिए : दिलीप पांडेय*
*जिस पार्टी का सबसे बड़ा नेता अपने किए हुए वादों को जुमला बता दें उस पार्टी के नेता के पीछे चलने वाले लोग भी उसी का रास्ता अपनाएंगे : दिलीप पांडे*
*नई दिल्ली 29 अप्रैल 2019*
एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के उत्तरी पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी दिलीप पांडेय ने कहा कि भाजपा ने बीते निगम चुनावों में नए चेहरे नई उड़ान का नारा दिया था, परंतु नए चेहरे नई उड़ान की आड़ में भाजपा ने दिल्ली नगर निगम के भीतर नए-नए कलेक्शन एजेंटों की तैनाती कर दी।
डीएमसी एक्ट 1957 की धारा 32 (3) के मुताबिक पूरी दिल्ली में कहीं भी कोई कचरा पड़ा है, तो उसको उठाने की जिम्मेदारी दिल्ली नगर निगम की है। 2017 के निगम चुनाव में भाजपा ने नए चेहरे नई उड़ान का वादा किया था, और उस वादे के साथ दिल्ली की जनता ने भाजपा को जिता कर निगम की सत्ता में बैठाया। क्या भाजपा अपने उस वादे पर खरी उतरी है? क्या उन वादों के बाद दिल्ली साफ सुथरी हो पाई है?
आए दिन दिल्ली नगर निगम में भाजपा द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार के खुलासे जनता के संज्ञान में आते रहते हैं। एमसीडी कर्मचारियों के हक को मारने में भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही पहले पायदान पर खड़ी नजर आती है, और अपनी विफलताओं का ठीकरा अक्सर दिल्ली की ईमानदार सरकार पर फोड़ती नजर आती है। आज दिल्ली में निगमों की हालत इतनी खराब हो गई है, कि अपने कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिए भी भाजपा शासित निगम के पास पैसे नहीं है। इसकी जिम्मेदार केवल और केवल भाजपा है।
दिलीप पांडे ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी को घेरते हुए कहा, कि निगम चुनाव से पहले मनोज तिवारी ने दिल्ली की जनता से वादा किया था, कि हम 3 महीने के अंदर पूरी दिल्ली को साफ करके दिखाएंगे। निगम में भाजपा की सरकार बने हुए 2 साल बीत चुके हैं, परंतु हालात जस के तस हैं, कहीं कोई सफाई नहीं हुई। आज भी दिल्ली की सड़कों पर, कालोनियों में, गलियों में, जगह-जगह कूड़ा पड़ा हुआ नजर आता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में सफाई की उम्मीद की भी कैसे जा सकती है। वह भी ऐसे लोगों से जो अपनी ही पार्टी के सबसे बड़े नेता नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत अभियान के सपने को अपनी जूते की नोक पर रखते हैं। स्वच्छ भारत अभियान के तहत हाल ही मे किए गए एक सर्वे के अनुसार दिल्ली की पूर्वी नगर निगम 240 वें पायदान पर, उत्तरी नगर निगम 282 वें पायदान पर, और दक्षिणी नगर निगम 138 वें पायदान पर आई है।
दिलीप पांडेय ने बताया कि दिल्ली सरकार ने निगम को पिछली किसी भी सरकार से अधिक पैसा दिया, पिछली किसी भी सरकार से समय से पहले पैसा दिया। नगर निगम के ऊपर दिल्ली सरकार का ₹7000 का कर्ज है, दिल्ली सरकार ने कर्ज पर मिलने वाले ब्याज को भी छोड़ दिया। उसके बावजूद भी भाजपा शासित नगर निगम की यह स्थिति है कि वह अपने कर्मचारियों की तनख्वाह तक नहीं दे पा रहे हैं। दिल्ली में अपने झूठ, फरेब, मक्कारी और अपनी विफलताओं के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद महोदय मनोज तिवारी जी को दिल्ली की जनता के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा शासित नगर निगम में आज भ्रष्टाचार इस कदर व्याप्त है कि सफाई के नाम पर तो निगम के कान पर जूं भी नहीं रेंगती है, परंतु किसी घर के बाहर 10-20 ईटें और थोड़ा सा बदरपुर पड़ा हो, तो नगर निगम अधिकारी वसूली करने के लिए सूँघते हुए उस घर तक पहुंच जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं इस बात के लिए आश्वस्त हूं कि इस बार दिल्ली की जनता भाजपा के झूठ का जवाब अपने वोट से देगी। इस बार दिल्ली की जनता झूठे वादों के लिए नहीं विकास के लिए वोट करेगी। आम आदमी पार्टी के 7 प्रत्याशियों को, दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए विकास कार्यों के लिए वोट करेगी, और भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी।
Leave a Comment