
*”कॉंग्रेस और भाजपा दोनों ही मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं” – मनीष सिसोदिया*
*”कॉंग्रेस के मैनिफेस्टो में पुडुचेरी को पूर्ण राज्य बनाने का वादा, दिल्ली से क्या है दुश्मनी?” – आतिशी*
*उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी आतिशी ने विशाल जनसभाओं को संबोधित किया*
कृष्णानगर विधानसभा के जगतपुरी में और लक्ष्मी नगर विधानसभा के शकरपुर मेन मार्किट में आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विशाल जनसभाएं संबोधित की। पूर्वी दिल्ली लोकसभा प्रत्याशी आतिशी के समर्थन में हुई सभाओं में स्थानीय लोगों ने सैंकड़ो की तादाद में हिस्सा लिया।
पूर्ण राज्य की मांग को उठाते हुए उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, “दिल्ली में आम आदमी पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है जो दिल्ली की जनता के हक की लड़ाई लड़ रही है। हम दिल्ली के बच्चों के लिए एडमिशन और नौकरियों में 85 परसेंट आरक्षण के लिए चुनाव लड़ रहे है, दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, दिल्ली के हर परिवार को एक घर देने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन दूसरी तरफ कॉंग्रेस और भाजपा मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। ये चुनाव प्रधानमंत्री बनाने का नहीं है, दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने का है!”
आतिशी ने कहा, “नरेंद्र मोदी जी ने 2014 में दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने का वादा किया और फिर मुकर गए। कॉंग्रेस ने भी 2009 और 2014 में पूर्ण राज्य का जुमला दिया था, लेकिन 10 साल सरकार चलाने के बाद भी दिल्लीवालों का सपना पूरा नहीं किया। आज तो कॉंग्रेस ने हद कर दी – अपने मैनिफेस्टो में पुडुचेरी को पूर्ण राज्य बनाने का वादा तो किया है, लेकिन दिल्ली का जिक्र भी नहीं किया है। दिल्लीवालों से कॉंग्रेस की क्या दुश्मनी है? दोनों पार्टियों ने सिर्फ धोखा दिया है दिल्ली को। इस बार दिल्ली की सातों सीटों पर आम आदमी पार्टी के सांसद जीतेंगे और पूर्ण राज्य का दर्जा छीन कर लेंगे।”
1 Comment