Scrollup

दिल्ली को जल संकट से तत्काल राहत दिलाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायकों ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को पत्र लिखा है। विधायकों ने कहा है कि दिल्ली को जल संकट से उबारने के लिए दिल्ली सरकार हर प्रयास कर रही है, लेकिन यमुना में पानी की उपलब्धता कम होने के चलते दिल्ली की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। विधायकों ने कहा है कि यह पूरा मामला हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच का है। अगर सीआर पाटिल इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी उठा लें तो दिल्ली को जल संकट से उबारा जा सकता है। ‘‘आप’’ विधायकों ने सीआर पाटिल से रविवार को मिलने का समय भी मांगा है, ताकि वो उनके सामने पूरा मामला रख सकें। ‘‘आप’’ विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि हमें उम्मीद है कि सीआर पाटिल इस मामले में दख़ल देकर दिल्ली को जल्द राहत दिलाएंगे। उन्होंने पानी के मुद्दे पर राजनीति कर रहे विपक्ष के नेताओं को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दिलीप पांडे ने दिल्ली में जल संकट को लेकर पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर पानी का संकट गहराया हुआ है। हर आदमी पानी की कमी का सामना कर रहा है। दिल्ली के अंदर कुछ लोग पानी की किल्लत पर राजनीति भी कर रहे हैं, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूण है। दिल्ली सरकार के जल मंत्री और विभागीय टीम लगातार दिल्ली की जनता को जल संकट से राहत देने के लिए जमीनी स्तर पर सभी संभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इस बार की गर्मी अत्याशित है। ऐसे में दिल्ली के अंदर पानी की मांग भी बढ़ गई है। यमुना में मौजूद पानी की उपलब्धता दिल्ली की मांग और आपूर्ति से मेल नहीं खा पा रहा है। हमारे निवेदन पर हिमाचल प्रदेश ने दिल्ली के लिए अतिरिक्त पानी छोड़े जाने को स्वीकार कर लिया। इसके बाद भी यमुना में पर्याप्त पानी नहीं है और यह पेयजल के प्रोडक्शन को प्रभावित कर रहा है। इस वजह से दिल्ली के अंदर कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और दिल्लीवाले जल संकट झेल रहे हैं।

दिलीप पांडे ने कहा कि दिल्ली में पानी का प्रोडक्शन पर्याप्त नहीं होने की वजह से दिल्ली की जनता दुखी और परेशान है। दिल्ली में जल संकट की स्थिति को देखते हुए आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को पत्र लिखा है। इस पत्र में हमने केंद्रीय मंत्री से निवेदन किया है कि इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन की जिम्मेदारी केंद्र सरकार उठाए तो इस भीषण गर्मी में दिल्ली के अंदर मंडराते जल संकट के बादल छट सकते हैं। ‘‘आप’’ विधायकों ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री को पत्र लिखकर जल संकट मामले में जल्द से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। क्योंकि दिल्ली में मौजूदा परिस्थितियां बहुत गंभीर हैं। इसलिए हमने जल शक्ति मंत्री से रविवार को मिलने के लिए समय मांगा है। दिल्ली के दो करोड़ लोग उम्मीद करते हैं कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री अपने कीमती समय में कुछ समय निकाल कर जन प्रतिनिधियों की बात सुनेंगे। ‘‘आप’’ विधायक यह पत्र जल शक्ति मंत्री के कार्यालय और घर भेजने के अलावा फोन पर भी उनसे संपर्क किया जाएगा, ताकि हमें 5-10 मिनट के लिए मिलने का समय मिल सके।

दिलीप पांडे ने कहा कि दिल्ली में जल संकट का पूरा मामला ही इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन का है और केंद्र सरकार के बगैर हस्तक्षेप के इसका समाधान नहीं निकलने वाला है। हरियाणा की भाजपा सरकार राजनीति कर रही है। बुराड़ी के पास हिरण्की में उत्तर प्रदेश की तरफ जमकर अवैध खनन हो रहा है। शुक्रवार को इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है। कुछ दिन पहले ही अवैध खनन को लेकर गोलियां भी चली है। वीडियों के अलावा फोटो भी ढेर सारे हैं। जिससे पता चलता है कि वहां खनन के लिए मशीनें लगी हैं, जो अवैध तरीके से खनन कर रहे हैं। इस अवैध खनन के दौरान ये लोग छोटे-छोटे कई डैम बनाकर यमुना के प्रवाह को रोक देते हैं। चूंकि यह दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल राज्य का मामला है। इसलिए आम आदमी पार्टी निवेदन करती है कि दलगत राजनीति से उपर उठकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल जल संकट मामले में हस्तक्षेप करें और इस भीषण गर्मी में दिल्लीवालों को जल संकट से राहत दिलवाएं।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia