Scrollup

हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा दिल्ली के हक का पानी रोकने के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क पर उतर गई है। सोमवार को आम आदमी पार्टीे के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप कुमार, शिव चरण सिंह, विनय मिश्रा व सोमदत्त शर्मा और महिला विंग की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा मुख्यालय, हरियाणा भवन, मंडी हाउस और कनॉट प्लेस समेत अन्य जगहों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा की केंद्र और हरियाणा सरकार से दिल्ली के हक का पानी देने की मांग की। इस दौरान विधायकों और कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा वालों, दिल्ली का पानी मत रोको’ के पोस्टर्स हाथ लेकर जमकर नारेबाजी की और भाजपा की हरियाणा सरकार को दिल्ली के हक का पानी तत्काल छोड़ने की मांग की।

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि इस समय दिल्ली में पानी की बहुत बड़ी समस्या है। इसके लिए हम हिमाचल और हरियाणा की सरकार से मांग कर रहे थे और एलजी साहब से भी कह रहे थे कि वो दिल्ली के पानी को सुनिश्चित करें। हम सुप्रीम कोर्ट भी गए, लेकिन कोर्ट के आदेश के बावजूद हरियाणा सरकार हिमाचल से आने वाले 137 क्यूसेक पानी को नहीं छोड़ रही है। इसके अलावा अन्य नहरों से दिल्ली में आने वाले 200 क्यूसेक पानी को हरियाणा सरकार ने रोक दिया है। ये लोग दिल्ली के लोगों को प्यासा मारना चाहते हैं और दिल्ली से बदला लेना चाहते हैं। हरियाणा की भाजपा सरकार की गंदी राजनीति के खिलाफ हम आज हरियाणा भवन के बाहर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, ताकि दिल्ली के लोगों के लिए पानी की आपूर्ति को सुनिश्चित किया जाए और सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार हिमाचल प्रदेश का पानी दिल्ली को मिल सके।

इस दौरान “आप” विधायक शिव चरण सिंह गोयल ने कहा कि 45 डिग्री तापमान में हम सड़क पर बैठकर भाजपा की हरियाणा और केंद्र सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि वो दिल्ली के हिस्से का पानी न रोकें और इस तरह की तानाशाही न करें। दिल्ली में भाजपा के सांसद भी रहते हैं और पूरा मंत्रालय भी यहां रहता है। इन सबको पानी चाहिए। इसलिए दिल्ली के हिस्से का 20 फीसद पानी न रोका जाए। जब तक दिल्ली के हक का पूरा पानी नहीं मिलेगा, हम सड़कों पर रहेंगे। इसके लिए हमें जो भी करना पड़ेगा हम करेंगे और अपने हिस्से का पानी लेकर रहेंगे। दिल्ली देश की राजधानी है। यहां देशभर से लोग आते हैं। अगर हम दिल्ली को ही पानी नहीं दे सकते तो देश में क्या करेंगे? आम आदमी पार्टी दिल्ली के हित के लिए लड़ती रहेगी।

वहीं, “आप” विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि पूरे देश में हरियाणा के लोगों को उनके आतिथ्य सत्कार के लिए जाना जाता है। हरियाणा के लोग सबको पानी पिलाते हैं, लेकिन हरियाणा की भाजपा सरकार ने दुर्भावना में आकर दिल्ली का पानी रोक दिया है। दिल्ली में बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बंगाल, ओडिसा समेत देशभर से लोग आकर रहते हैं। दिल्ली पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है और उसे ही हरियाणा सरकार पानी नहीं दे रही है। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली को 137 क्यूसेक पानी देने का आदेश दिया है। हरियाणा दिल्ली का पानी रोक कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अवहेलना कर रहा है। बता दें कि 2018 में दिल्ली को 1050 क्यूसेक पानी का अधिकार दिया गया था और हरियाणा सरकार ने उसमें भी कमी कर दी है। हम हरियाणा सरकार से मांग करते हैं कि दिल्ली के हक का पानी छोड़े। इस भीषण गर्मी में सबको पानी की जरूरत है। हमारी यह लड़ाई सड़क से कोर्ट तक जारी रहेगी।

कनॉट प्लेस में विरोध प्रदर्शन में शामिल “आप” विधायक सोमदत्त शर्मा हरियाणा की भाजपा सरकार बदले की राजनीति के तहत दिल्ली के लोगों के हक का पानी रोक कर बैठी है। दिल्ली में पानी को लेकर चारों तरफ त्राहि-त्राहि मची है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद हरियाणा सरकार दिल्ली के नागरिकों को पानी नहीं दे रही है। दिल्ली की जनता पानी को लेकर परेशान है और गलियों से लेकर सड़कों पर प्रदर्शन हो रहे हैं। हमारी मांग है कि भाजपा और मोदी सरकार दिल्ली के लोगों का जायज हक दे और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना की जाए।

“आप” की दिल्ली महिला विंग की अध्यक्ष सारिका चौधरी ने कहा कि दिल्ली की जनता बहुत परेशान है। रोजमर्रा के काम तो दूर की बात है। इस समय दिल्ली में पीने के लिए भी पानी नहीं है। चुनाव से तीन दिन पहले हरियाणा सरकार से दिल्ली का पानी रोक दिया, ताकि दिल्लीवासी अरविंद केजरीवाल को वोट न करें और उनकी छवि खराब हो। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी आदेश दे दिया है, लेकिन हरियाणा सरकार दिल्ली के लोगों को बिल्कुल पानी नहीं दे रही है। इस समय पूरी दिल्ली में त्राहि-त्राहि मची है। लोगों के घरों में पीने के लिए पानी नहीं है। हरियाणा सरकार दिल्ली के लोगों से नफरत क्यों करती है? वो दिल्ली के लोगों को ऐसी हालत में कैसे छोड़ सकती है? हम हरियाणा सरकार और मोदी जी से भी विनती करते हैं कि वो राजनीति करना बंद करें। दिल्ली जनता इस समय पानी के लिए तरस रही है, उसपर रहम करें और उन्हें पानी दें।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia