Scrollup

आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन को उत्साह जनक बताया है। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि हमने देश बचाने के लिए लड़ाई लड़ी और इंडिया गठबंधन को जिताने के लिए अपनी पूरी जान लगा दी। आम आदमी पार्टी अपने इस मकसद में सफल रही। हम आने वाले समय में और ज्यादा मेहनत करेंगे और अच्छे परिणाम लेकर आएंगे। अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने देश को महत्व देते हुए कई राज्यों में गए और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार किया। इसका परिणाम रहा कि अपनी पूरी ताकत झोंकने के बाद भी भाजपा बहुमत नहीं ला सकी और इंडिया गठबंधन ने इतने विषम हालातों में भी अच्छा प्रदर्शन किया। चुनाव परिणाम ने बता दिया कि देश किसी भी तरह की तानाशाही-गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं, ‘‘आप’’ ने सबसे मुश्किल हालातों मंे चुनाव लड़ा, लेकिन जनता का हमें खूब आशीर्वाद मिला और पंजाब में हमारे तीन सांसद जीते। आने वाले समय में हम और मेहनत करेंगे और अच्छे परिणाम लेकर आएंगे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं राज्य सभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर लोकसभा चुनाव में आए नतीजों पर पार्टी का पक्ष रखा। डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इन नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी तरह की तानाशाही और गुंडागर्दी ने देश बर्दाश्त नहीं करेगा। यह चुनाव नरेंद्र मोदी बनाम इंडिया गठबंधन के बीच लड़ा गया। परिणाम देखें तो नरेंद्र मोदी की पार्टी को पिछली की तुलना में इस बार 63 सीटें कम मिली हैं और भाजपा को बहुमत नहीं मिला है। वहीं, इंडिया गठबंधन में शामिल घटक दलों के कई मुख्यमंत्रियों को जेल में डाला गया, कई लोगों के ऊपर रेड मारी गई, इन्होंने सारी एजेंसियों को अपने कब्जे ले लिया। इतनी कठिन परिस्थितियों के बावजूद इंडिया गठबंधन ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। यह स्पष्ट करता है कि अगर कोई व्यक्ति संविधान से खिलवाड़ करेगा तो देश की जनता उसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि हम पहले दिन से कह रहे थे कि आम आदमी पार्टी महत्वपूर्ण नहीं है, देश महत्वपूर्ण है। हम इसी भावना के साथ इंडिया गठबंधन में शामिल हुए और गठबंधन को जिताने के लिए हमने अपनी जी-जान लगा दी। हमारी जितनी भी क्षमता थी, उससे ज्यादा मेहनत की। भाजपा ने इस चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को तोड़कर खत्म करने की चुनौती दी थी। भाजपा ने हमारे कई नेताओं को जेल में डाल दिया। हमारे सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल को भी जेल में डाला। भाजपा ने हमारे वालेंटियर्स को धमकाया, एमएलए को खरीदने की कोशिश करने समेत कई षडयंत्र किए। इन सारे षडयंत्रों का नतीजा यह निकला कि देश की जनता ने इन्हें नकार दिया और आज भी आम आदमी पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत से लड़ाई लड़ी और पंजाब से हमारे तीन सांसद जीते, जबकि 2-3 सीटों पर हमारा काफी करीबी मुकाबला रहा। आम आदमी पार्टी पूरी तरह से मजबूत है और संघर्ष करने के लिए तैयार है।

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि अंतरिम जमानत पर 21 दिन के लिए जेल से बाहर आते ही अरविंद केजरीवाल ने अपना पूरा समय प्रचार को दिया। कई राज्यों में जाकर इंडिया गठबंधन के सभी दलों और नेताओं के लिए प्रचार किया। यहां तक कि चंडीगढ़ में भी जाकर कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी के लिए प्रचार किए। अरविंद केजरीवाल से पूछा गया कि क्या चंडीगढ़ में प्रचार करना जरूरी है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि मेरे लिए आम आदमी पार्टी से ज्यादा देश महत्तपूर्ण है। मैं आम आदमी पार्टी के सभी स्वयंसेवक को धन्यवाद करना चाहता हूं। इतनी गर्मी में और इतनी कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने संघर्ष किया वो काफी अधभुत है। दिल्ली का एक निश्चित प्रक्रिया है वो लोकसभा के चुनाव में भाजपा को वोट करती है और विधान सभा के चुनाव में अरविंद केजरीवाल को और बाकी दलों को वोट करती है। वो अपने प्रक्रिया पर इस बार भी अड़े रहे लेकिन उनकी जीत की जो मार्जिन लाखों में होती थी वो इस बार काफी कम रह गई है। ये स्पष्ट था कि जनता पूरी तरीके से इनको बदले के लिए तैयार थी।

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि 2019 में पंजाब में हमें लगभग 7 फीसद वोट मिला था और एक सीट पर हमारी जीत हुई थी। बाकी सीटों पर हम चौथे-पांचवें नंबर पर थे। लेकिन इस बार हम 3 सीटें जीते हैं, जबकि 2 सीटों पर काफी करीब मुकाबला रहा। इसके अलावा अन्य सीटों पर भी हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। 2019 में ‘‘आप’’ का वोट शेयर 7 फीसद था, जबकि इस बार 26 फीसद है। हमें उम्मीद ज्यादा की रखनी चाहिए। पंजाब में हमें उम्मीद से कम सीटें मिली हैं। लेकिन हमें ये भी मानना होगा कि लोकसभा का चुनाव अलग नैरेटिव पर लड़ा जाता है। इस चुनाव ने यह साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में भी अच्छी तरह से स्थापित पार्टी है। कुरुक्षेत्र में थोड़े से मार्जिन में सुशील गुप्ता पीछे रह गए। वहां वे आखिरी समय तक मुकाबले में रहे। भरूच में भी काफी अच्छा मुकाबला रहा। अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में प्रचार किया और वहां जीत कर आए हैं। असम में एक -डेढ़ लाख वोट हमें मिला है। आम आदमी पार्टी के लिए ये चुनाव देश का चुनाव था। इंडिया गठबंधन के साथ हम गए और गठबंधन धर्म का हमने पूरी ईमानदारी से पालन किया। जनता ने हमें इतना आशिर्वाद दिया। इसके लिए हम जनता का धन्यवाद करते हैं।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia