Scrollup

नई दिल्ली, 09 मई 2024

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के मालवीय नगर विधानसभा में ‘जेल का जवाब वोट से’ कैंपेन के तहत संकल्प सभा की। यहां से इंडिया गठबंधन के ‘‘आप’’ प्रत्याशी सोमनाथ भारती के समर्थन में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। गोपाल राय ने सभी लोगों को ‘जेल का जवाब वोट से’ देने की शपथ दिलाते हुए कहा कि चार जून को चुनाव के परिणाम आएंगे। उस दिन देश की जनता के अच्छे दिन आएंगे और मोदी जी जाएंगे। अरविंद केजरीवाल को फर्जी मामले में जेल में डालकर भाजपा ने खुद दिल्ली में अपनी हार सुनिश्चित कर दी है। दिल्लीवालों ने केजरीवाल को मुख्यमंत्री चुना है। उनके जेल जाने के बाद दिल्ली की जनता खुद चुनाव लड़ रही है और भाजपा को जेल का जवाब वोट से देगी। आज पूरा देश कह रहा है कि भाजपा की तानाशाही की अब अति हो गई है। इसलिए पूरे देश में भाजपा को हराने की लहर चल रही है। इस दौरान सोमनाथ भारती समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

गोपाल राय ने कहा कि पूरा देश 4 जून का इंतजार कर रहा है। 4 जून को वोटों की गिनती होनी है। देश में तीन चरणों के चुनाव हो चुके हैं। पूरे देश से खबर आ रही है कि इस बार पूरा देश कह रहा है कि अच्छे दिन आने वाले हैं, और मोदी जी इस लोकसभा चुनाव से जाने वाले हैं। जिस तरह पिंजरे के तोते को राम-राम बोलना सिखाया जाता है तो वो हर किसी की बात पर केवल राम-राम का जवाब देता है। लेकिन इस बार भाजपा ने पूरे देश में अपने तोतों को राम-राम कहना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर गांव के अध्यक्ष को केवल अबकी बार 400 पार से कहना सिखाया है। देश का नौजवान सड़कों पर अपनी डिग्रियां लिए घूम रहा है, मोदीजी के 2 करोड़ रोजगार के वादे का क्या हुआ। देश में महंगाई क्यों बढ़ रही है, मणिपुर में महिलाओं के साथ अत्याचार क्यों हुआ, देश के अन्नदाता किसान के लिए कीले क्यों बिछाई गई। इनसे कुछ भी पूछो, इस बार रट्टू तोता राम-राम नहीं, अबकी बार 400 पार कहता है। 10 साल से इस देश के लोग इंतजार कर रहे थे। एक तरफ भाजपा के नेता अबकी बार 400 पार का नारा लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ देश की जनता अबकी बार भाजपा की हार का नारा लगा रही है।

उन्होंने कहा कि देश में आधे से ज्यादा सीटों पर मतदान हो चुका है। पूरे देश से खबर आ रही है कि बीजेपी तमिलनाडू, पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में हार रही है। पूरे देश से बीजेपी के हार के संकेत मिल रहे हैं। जितना हार की खबर आती है, उतना ही भाजपा वाले बौखलाहट में कुछ भी बोलते जा रहे हैं। उनको समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। ये देश सबकुछ बर्दाश्त करता है। लेकिन जब सिर से पानी गुजर जाता है तो देश खड़ा हो जाता है। जिन अंग्रेजों के शासन में कभी सूरज नहीं डूबता था, हमारे पुरखों ने अपने आंदोलन के दम पर उन्हें भी देश से भगाया है। जिस तानाशाही के दम पर ये आगे बढ़ रहे हैं। आज पूरे देश में भाजपा को हराने की लहर चल रही है।

गोपाल राय ने कहा कि नई दिल्ली लोकसभा के लोगों ने 10 साल तक बीजेपी सांसद बनाया, वो सांसद केंद्रीय मंत्री बना। लेकिन भाजपा के सांसद ने 10 साल तक दिल्ली के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। इसलिए इस बार नई दिल्ली के लोगों ने भी ठाना है कि निकम्मा सांसद नहीं, इस बार मालवीय नगर के विधायक की तरह काम करने वाला सांसद नई दिल्ली में चाहिए। इसलिए पूरी नई दिल्ली सोमनाथ भारती के साथ खड़ी है और बीजेपी यहां से हार रही है। सोमनाथ भारती नई दिल्ली से जीत रहे हैं। कई लोग पूछते हैं कि पिछली बार अंतर इतना ज्यादा था फिर इस बार सोमनाथ भारती कैसे जीत जाएंगे। पिछली बार भले ही अंतर ज्यादा था, लेकिन पिछले 10 सालों से बीजेपी का निकम्मापन भी ज्यादा हो चुका है। अब नई दिल्ली को निकम्मेपन की जगह काम करने वाला सांसद चाहिए। पिछले 10 साल में बीजेपी इसलिए जीती क्योंकि पिछले दोनों चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। जिससे वोट बंट जाता था और बीजेपी को फायदा होता था। इस बार सोमनाथ भारती की जीत की पहली गारंटी इनका काम करना और दूसरी गारंटी इंडिया गठबंधन की तरफ से चुनाव लड़ना है। इस बार एक भी वोट नहीं बटेगा।

जीत की तीसरी गारंटी भाजपा वालों ने थाली में सजाकर दे दिया, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में बंद करके। अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं है, वो दिल्ली के लाखों लोगों द्वारा तीन-तीन बार चुना गया उनका मुख्यमंत्री है। अरविंद केजरीवाल वो हैं जो दिल्ली में 24 घंटे फ्री बिजली देता है, कभी अंधेरा नहीं होने देता। जिस तरह सूरज रोशनी देता है वैसे ही उन्होंने दिल्ली में हर अमीर और गरीब के घर में 24 घंटे उजाला फैलाया है। लेकिन ये उन्हें जेल में अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने नहीं देते हैं। एक शुगर के मरीज को इंसुलिन नहीं दिया। कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद इंजेक्श मिला। बीजेपी की तानाशाह सरकार जो करना चाह रही है, वो देश बर्दाश्त नहीं करेगा। ये चुनाव प्रधानमंत्री, मंत्री और सांसद बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि इस देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव हो। 25 मई को अगर आपने कोई गलती की, 4 जून को परिणाम आने के बाद अगर भाजपा गलती से बी 400 पार हो गई तो इस देश में दोबारा चुनाव नहीं होगा। मोदी जी ने गुजरात के सूरत में इसका ट्रेलर दिखाया है। वहां कोई वोट नहीं दे पाया और सांसद का चुनाव भी हो गया। भारत के संविधान को बदलने का षड़यंत्र चल रहा है। ये संविधान और लोकतंत्र हमें भीख में नहीं मिला है। लाखों शहीदों ने इसके लिए कुर्बानी दी है

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia