Scrollup

नई दिल्ली/हरियाणा, 10 मार्च 2024

आम आदमी पार्टी ने रविवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए अपना कैंपेन लांच किया। ‘‘आप’’ ने इसका स्लोगन ‘‘बदलेंगे कुरुक्षेत्र-बदलेंगे हरियाणा, इब्बकै इंडिया को जिताणा’’ दिया है। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अधिकारिक रूप से कैंपेन की शुरूआत की। इस दौरान केजरीवाल ने जनता से कहा कि इस बार आप प्रधानमंत्री बनाने के चक्कर में मत पड़ जाना। इस बार आपको अपना सांसद बनाना है, जो आपके सुख-दुख में काम आए। हरियाणा में दसों सांसद भाजपा के हैं। लेकिन जब पहलवान बेटियों पर अत्याचार हो रहा था, नौकरी मांग रहे युवाओं को पीटा जा रहा था और किसानों पर गोले व आंसू गैस छोड़े जा रहे थे, तब ये सांसद कहां थे? ये आपके सांसद नहीं है, बल्कि भाजपा के गुलाम हैं। ये कभी आपके दुख-सुख में काम नहीं आएंगे। उन्होंने कहा, आजकल ये खुलेआम कह रहे हैं कि हमें 370 सीटें आ रही है, हमें तो लोगों के वोट की जरूरत नहीं है, तो फिर इनको वोट क्यों देना? हमें आपके वोट से जीतना है, आप हमें वोट दें।

हरियाणा में सभी सांसद भाजपा के हैं, 10 साल में इन्होंने जनता के लिए कुछ नहीं किया- केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक महीने बाद लोकसभा चुनाव है। कभी भी चुनाव आचार संहिता लागू हो सकती है। इस बार हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा से इंडिया गठबंधन की तरफ से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील गुप्ता हैं। आपके पास बहुत सारी पार्टियां आकर बड़ी-बड़ी बातें करेंगी। लेकिन मैं आपकी, आपके परिवार और आपके बच्चों की बात करूंगा। आप अपनी, अपने घर और देश की सोचो, बाकी इन पार्टियों के चक्कर में क्यों पड़ना? पिछले 75 साल में इन पार्टियों और नेताओं ने तो देश को लूट लिया। इस चुनाव में आपको अपना सांसद चुनना है। अब आपको तय करना है कि वोट किसे दें? पिछले 10 सालों से हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीता रहे हैं। भाजपा के इन 10 सांसदों ने हरियाणा की जनता के लिए पिछले 10 सालों में क्या किया? इन दस सांसदों ने कोई एक काम किया हो तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। दुर्भाग्य की बात है कि इन्होंने इन 10 सालों ने कोई एक काम नहीं किया है। ये 10 सांसद हरियाणा की जनता के सांसद नहीं है, बल्कि भाजपा के सांसद हैं और भाजपा के गुलाम हैं। भाजपा के कहने पर उठते-बैठते हैं।

जब नौकरी मांग रहे युवाओं को पुलिस पीट रही थी, तब ये सांसद उनकी बेरोजगारी का मजाक उड़ा रहे थे- केजरीवाल

उन्हांेने कहा कि 10 साल में हरियाणा की जनता पर इतनी मुसीबतें आईं, भाजपा के सांसद कहां थे? हरियाणा की पहलवान बेटियों के साथ अत्याचार, गलत काम और छेड़छाड की गई। जब ये बेटियां दिल्ली में धरना प्रदर्शन करने गईं तो उनको लाठियों से पीटा गया। जंतर-मंतर पर उन बेटियों का साथ देने के लिए मैं गया था। लेकिन आपके द्वारा चुने गए भाजपा के दस सांसद बैठ कर तालियां बजा रहे थे। जब आपकी बेटियों को छेड़ा जा रहा था, तब भाजपा के ये सांसद घर में बैठ कर पार्टी कर रहे थे। अभी जब हरियाणा के किसान दिल्ली जाना चाहते थे तो उनको बॉर्डर पर रोक लिया गया। उन किसानों का क्या कसूर था? किसान अपनी फसल के पूरे दाम ही तो मांग रहे हैं और यह मिलना भी चाहिए। लेकिन बदले में किसानों पर उपर से गोले छोड़े गए। चीन और पाकिस्तान पर गोले छोड़ने की इनकी हिम्मत नहीं है। इसमें एक किसान पंजाब के अंदर शहीद हो गया। जब किसानों के उपर आंसू के गोले, रबड़ की गोलियां और डंडे मार रहे थे, तब ये भाजपा के सांसद तालियां बजा रहे थे। इनको बड़ा मजा आ रहा था। पिछले साल पूरे हरियाणा में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थीं, किसान तबाह हो गया। किसान कर्ज लेकर फसल उगाते हैं और उनको उपर ब्याज अलग से देना होता है। किसान बर्बाद फसल पर मुआवजा मांग रहे थे, लेकिन खट्टर सरकार ने किसी को मुआवजा नहीं दिया। इन सांसदों ने आपकी आवाज नहीं उठाई। जब बेरोजगार युवक सड़कों पर नौकरी मांग रहे थे और पुलिस वाले उनको दौड़ा-दौड़ा डंडे मार रहे थे, तब ये सांसद कहां थे? ये सांसद तालियां बजाकर युवाओं की बेरोजगारी का मजाक उड़ा रहे थे। हद तो तब हो गई, जब खट्टर सरकार ने आपके बेरोजगार युवाओं को युद्ध के अंदर मरने के लिए यूक्रेन भेज दिया। मुझे तो जानकर रोना आ गया। जब किसी देश में युद्ध शुरू हो जाता है तो सारे देश अपने नागरिकों को वहां से निकालते हैं, लेकिन खट्टर सरकार ने बेरोजगार युवाओं को बेवकूफ बनाकर यूक्रेन भेज दिया। सोशल मीडिया पर कई युवाओं की वीडियो देखने को मिलती है, जिसमें वो अपने माता-पिता से वापस आने की गुहार लगा रहे हैं और कह रहे हैं कि यूक्रेन आकर वो फंस गए हैं। ये सांसद कहां थे?

भाजपा के सांसदों में किसानों-व्यापारियों की आवाज उठाने की हिम्मत नहीं, इस बार अपना आदमी चुनें- केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा की जनता से अपील है कि इस बार पहले वाली गलती मत कर देगा। आप इस चक्कर में मत पड़ जाना कि हमें तो प्रधानमंत्री बनाना है। प्रधानमंत्री तो बाद में बना लेंगे, इस बार तो आपको अपना सांसद बनाना है। इस बार आप ऐसा सांसद बनाना, जो आपके सुख-दुख में काम आए। सुशील गुप्ता को सांसद बनाएंगे तो उनको दिल्ली में घर होगा। कल को जब आप धरना प्रदर्शन करने जाएंगे तो अपना समझ कर उनके घर बैठ तो सकते हैं। हरियाणा के व्यापारी बहुत तकलीफ में हैं। सुशील गुप्ता व्यापारियों का दर्द समझते हैं। व्यापारियों की कोई समस्या होगी तो उनकी आवाज उठाने वाला अपना आदमी तो संसद में बैठा होगा। सुशील गुप्ता भाजपा वालों के गुलाम तो नहीं हैं। इसलिए इस बार आप अपने आदमी को संसद के अंदर भेजो, ताकि वो आपकी संसद में आवाज उठाए। किसानों और व्यापारियों की आवाज उठाने की हिम्मत भाजपा के 10 सांसदों में नहीं है। इस बार व्यापारियों और किसानों को अपना आदमी चुन कर संसद में भेजना है। भाजपा के सांसद कभी भी हरियाणा की जनता की आवाज नहीं बन सकते।

सभी देशभक्त हमारे साथ हो जाएं और सभी अंधभक्त उनके साथ, हमें अंधभक्त नहीं चाहिए- केजरीवाल

उन्होंने कहा कि आजकल भाजपा वाले पूरे देश में घूम-घूम कर कह रहे हैं कि हमारी तो 370 सीटें आ रही हैं। ये खुलेआम कह रहे हैं कि हमें तो जनता का वोट चाहिए ही नहीं हैं। ऐसे में फिर भाजपा को क्यों वोट रहे हैं? मैं दिल्ली से आपका वोट मांगने आया हूं। हाथ-पैर जोड़कर आपका वोट मांग रहा हूं। सुशील गुप्ता घर-घर जाकर आपका वोट मांग रहे हैं। हमें आपका वोट चाहिए। हम आपके वोट से जीतना चाहते हैं। भाजपा तो कह रही है कि उसकी 370 सीट आ रही है। जब उनकी 370 सीट आ ही रही है तो फिर आप हमें अपना वोट दे दो, उनको तो वोट की जरूरत ही नहीं है। आज पूरे देश के अंदर दो किस्म के लोग हैं। हर आदमी या तो देशभक्त है या फिर अंधभक्त है। जितने देशभक्त हैं, वो मेरे साथ हो जाएं और जितने अंधभक्त हैं, वो उनके पास चले जाएं। हमें अंधभक्त नहीं चाहिए।

यह धर्म-अर्धम के बीच की लड़ाई है, जनता को तय करना है, वो धर्म के साथ है या अधर्म के साथ- केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि खट्टर सरकार ने 10 साल के अंदर हरियाणा का बेड़ा गर्क कर दिया है। हर बच्चा चाहता है कि खट्टर सरकार जल्द से जल्द जानी चाहिए। कुरुक्षेत्र की सीट जीता दो, आगे धीरे-धीरे खट्टर जी के जाने का समाचार हो जाएगा। आज से आम आदमी पार्टी कुरुक्षेत्र में अपना चुनावी कैंपेन लांच कर रही है। हमारा स्लोगन ‘‘बदलेंगे कुरुक्षेत्र-बदलेंगे हरियाणा, इब्बकै इंडिया को जिताणा’’ है। कुरुक्षेत्र बदलेगा तो हरियाणा भी बदलेगा और हरियाणा बदलेगा तो इंडिया जीतेगा। मेरी जनता से अपील है कि आपको मिलकर यह चुनाव लड़ना है। सुशील गुप्ता हरियाणा के जिंद के ही रहने वाले हैं और आपके बीच के हैं। कुरुक्षेत्र बहुत पवित्र धरती है। यहां धर्मयुद्ध लड़ा गया था। आज भी धर्म और अधर्म के बीच की लड़ाई है। धर्मयुद्ध की लड़ाई में पांडव जीते थे। जबकि कौरवों के पास बहुत बड़ी फौज और धन-धान्य सबकुछ था। लेकिन पांडवों के साथ भगवान श्रीकृष्ण थे। हम लोग भी बहुत छोटे हैं। हमारे साथ आज भगवान श्रीकृष्ण के रूप में जनता है, जबकि उनके पास सीबीआई, ईडी, पैसा सब है। हमारे पास धर्म है और यह धर्म-अधर्म की लड़ाई है। यह जनता को तय करना है कि वो धर्म के साथ है या अधर्म के साथ है।

पंजाब में हम मात्र दो साल में 40992 नौकरी दे चुके हैं और 90 फीसद घरों में बिजली मुफ्त आती है- भगवंत मान

इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज कुरुक्षेत्र से हरियाणा में बदलाव की शुरुआत होने जा रही है। दो साल पहले आज की के दिन हमने पंजाब में 92 सीटों पर चुनाव जीता था और बड़े-बड़े लोगों का अहंकार टूटा था। हमनें शहीद भगत सिंह के गांव खटकलकलां में शपथ ली थी कि हम उनके सपनों को पूरा करेंगे। अभी हमारी सरकार बने अभी दो साल भी नहीं हुए, लेकिन अब तक मैं 40,992 लोगों को सरकारी नौकरियां दे चुके हैं। पंजाब के 90 फीसद घरों में बिजली मुफ्त आती है। ट्यूबवेल और खेती के लिए किसानों के बिजली का बिल नहीं आता। हरियाणा के लोगों को भी ये सुविधाएं मिलनी चाहिए। पंजाब में शानदार स्कूल और अस्पताल बन रहे हैं। पूरे पंजाब में 829 मोहल्ला क्लीनिक बन गए हैं। जहां से करीब 1.25 करोड़ से ज्यादा लोग अपना इलाज करवाकर जा चुके हैं। अब किसी को प्राइवेट अस्पताल और प्राइवेट स्कूल में जाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। पंजाब और दिल्ली का कोई भी जवान शहीद होता है तो उसके परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी जाती है।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि अभी ये लोग हमें काम नहीं करने देते हैं। इन्होंने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक की दवाई और बिजली रोक दी। फरिश्ते स्कीम रोक दी। जल बोर्ड का पैसा रोक लिया। सीएम अरविंद केजरीवाल जब भी जनता के लिए कोई काम करते हैं, एलजी साहब उसे रुकवा देते हैं। अभी ये अकेले केंद्र सरकार, बीजेपी और एलजी के खिलाफ लड़ रहे हैं। मैं पंजाब में एलजी और केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ रहा हूं, इन्होंने हमारी जनता का करीब 8,000 करोड़ रुपए का फंड रोका हुआ है। अगर आपने हमें लोकसभा में 30-35 सीटें दिला दीं, तो किसी की मजाल नहीं होगी की जनता को कोई काम या पैसा ये लोग रोक पाएं। उन्होंने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। देश की सत्ता में बहुत अहंकारी लोग आ गए हैं, देश का लोकतंत्र खतरे में है। वो इस अहंकार में जीते हैं कि जो हमारे मुंह से जो निकलेगा, वही कानून हो जाएगा। जनता के वोट से जीतने के बाद भी इनमें इतना अहंकार भर गया है। लेकिन भगवान भी अहंकार को पसंद नहीं करता है। लोकतंत्र में जनता भगवान का रूप होती है। जनता जब चाहे आदमी अर्श पर, और अहंकार करने लगे तो जनता जब चाहे आदमी फर्श पर। अरविंद केजरीवाल ने हमें नफरत, धर्म और जात-पात की नहीं, काम की राजनीति करना सिखाया है।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि 10 साल पहले दिल्ली के रामलीला मैदान से निकली आम आदमी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। दो राज्यों में हमारी सरकार है, राज्यसभा में हमारे 10 सदस्य हैं, गुजरात में 5 और गोवा में हमारे 2 एमएलए हैं। दिल्ली एमसीडी में आम आदमी पार्टी है, इसके अलावा चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के सिंगरौली नगर निगम में आम आदमी पार्टी का मेयर है। आने वाले लोकसभा चुनाव में पंजाब से 13 सीटें आ रही हैं, कुरुक्षेत्र की एक सीट आने वाली है और दिल्ली में भी हमारी सारी सीटें आ रही है। जिससे संसद में हमारी ताकत और बढ़ जाएगी।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia