Scrollup

मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के एलान के बाद से महिलाओं में जबरदस्त उत्साह है। उनका यह उत्साह शनिवार को महिला शक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी देखने को मिला। महिलाओं ने सीएम अरविंद केजरीवाल को कहा कि आप दिल्ली के बेटे हो। आपने जो किया है वो कोई और नहीं कर सकता। बिजली, पानी, शिक्षा, इलाज और बसों में सफर मुफ्त होने का हमें बहुत फायदा मिला है। अब हमारा वोट आपके साथ है। वहीं, सीएम केजरीवाल ने कहा कि मेरे हाथ मजबूत करने के लिए इस बार अपने घर वालों को कसद दें कि वो मेरा साथ दें। दूसरी पार्टी वाले मेरा विरोध कर रहे हैं और कह रहे हैं कि मैं महिलाओं को पैसे देकर ख़राब कर रहा हूं। इससे महिलाएं बिगड़ जाएंगी। जब इन्होंने अपने दोस्तों के 11 लाख करोड़ माफ़ कर दिए, तब वो नहीं बिगड़े तो मेरी माताएं-बहनें हजार रुपए में कैसे बिगड़ जाएंगी? उन्होंने कहा कि जब सभी महिलाओं की जेब में पैसा होगा, तभी असल मायने में महिला सशक्तिकरण होगा। इससे न सिर्फ उनका परिवार सशक्त होगा, बल्कि समाज और देश भी सशक्त होगा।

जब महिलाओं की जेब में पैसा होगा, तभी असली महिला सशक्तिकरण होगा- केजरीवाल

महिला सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने अपने बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक बहुत बड़ी योजना का एलान किया है। अभी तक महिला सशक्तिकरण के नाम पर फ्रॉड चल रहा था। सारी पार्टियां कहती हैं कि हम महिलाओं का सशक्तिकरण करेंगे और सशक्तिकरण के नाम पर अपनी पार्टी की किसी एक महिला को कुछ बना देते हैं और कहती हैं कि महिलाओं का सशक्तिकरण हो गया। मैं ये नहीं कह रहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। महिलाओं को बड़े-बड़े पद और टिकटें भी मिलनी चाहिए। लेकिन उससे केवल दो-चार महिलाओं का ही फायदा होता है। बाकी महिलाओं को कुछ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि मैं अब हर महिला के पर्स में हर महीने हजार रुपए डालूंगा। खाली जेब से महिला सशक्तिकरण नहीं होता है। जेब में पैसा होगा तभी सशक्तिकरण होगा। मार्केट में जाओ और जेब में पैसा ही न हो तो फिर कैसा सशक्तिकरण। महिलाओं का असली सशक्तिकरण तब होगा, जब हर महिला को हर महीने एक-एक हजार रुपए मिलेंगे। यह पूरी दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम होगा। पूरी दुनिया में आजतक कभी ऐसा नहीं हुआ कि महिलाओं की 18 साल से ऊपर की पूरी आबादी को हजार-हजार रुपए महीना दिया जाए।

महिलाओं के सशक्त होने से उनका परिवार सशक्त होगा, फिर समाज व देश सशक्त होगा और खुशहाली आएगी- केजरीवाल

सीएम अरविंद केजरीवाल ने योजना के बारे में बताते हुए कहा कि जो महिलाएं इनकम टैक्स भरती है, यानि उसकी आय बहुत अच्छी है। लेकिन अगर किसी महिला का पति इनकम टैक्स भरता है तो उसे भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा अगर किसी महिला को विधवा पेंशन, ओल्ड एज पेंशन या कोई अन्य सरकारी पेंशन मिलती है और जो महिलाएं सरकारी नौकरी करती हैं, इन कटेगरी की महिलाओं को छोड़कर बाकी 18 साल की उम्र से ऊपर हर महिला को हर महीने हजार-हजार रुपए मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगर एक परिवार में मां, बहू और बेटी हैं तो तीनों को अलग-अलग पैसे मिलेंगे। यानि अगर एक परिवार में तीन महिलाएं है तो उस परिवार को 3,000 रुपए महीना और 36,000 रुपए सालाना मिलेंगे। महिलाएं परिवार को चलाती हैं, बच्चों को पालती हैं। इसलिए महिलाए सशक्त होंगी तो हमारा परिवार सशक्त होगा, परिवार सशक्त होगा तो हमारा समाज सशक्त होगा और समाज सशक्त होगा तो देश सशक्त होगा। महिलाएं समाज की सबसे बड़ी और अहम कड़ी हैं। जहां महिलाओं की इज्जत होती है, वहीं देवता बसते हैं। इससे पूरी दिल्ली के अंदर खुशहाली आएगी।

बसों का किराया माफ होने से महिलाओं को बहुत फायदा हुआ- केजरीवाल

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस योजना का एलान करने के बाद से दूसरी पार्टी वाले मेरा बहुत विरोध कर रहे हैं। ये बोल रहे हैं कि केजरीवाल पैसे खराब कर रहा है, महिलाएं बिगड़ जाएंगी। इन लोगों ने अपने दोस्तों का 11 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया, जब इनके दोस्त नहीं बिगड़े, तो मेरी बहनें और माताएं हजार-हजार रुपए से कैसे बिगड़ जाएंगी। वो ज्यादा से ज्यादा गोल-गप्पे खा लेंगी और अपने लिए कपड़े खरीद लेंगी या कभी पिक्चर देख लेंगी। इन लोगों को डर है कि महिलाएं बिगड़ जाएंगी। ये खुद बिगड़ गए हैं, पहले खुद को संभाल लें, महिलाएं नहीं बिगड़ने वाली हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए बहुत कुछ किया है। महिलाओं के लिए बसों का किराया माफ कर दिया है। इससे महिलाओं को बहुत फायदा हुआ हैं। मैं ऐसी कई महिलाओं को जानता हूं जिन्हें अपनी पढ़ाई और काम के लिए बहुत दूर-दूर जाना पड़ता था, जिसमें उनका बहुत पैसा खर्च होता था। अब महिलाओं का वो पैसा बचने लगा है। पूरे दिल्ली के अंदर हमने सीसीटीवी लगाए। मैं ये नहीं कह रहा कि इससे उनकी पूरी तरह से सुरक्षा हो गई, अभी काफी कदम उठाने बाकी है। लेकिन सीसीटीवी से काफी फर्क पड़ा है।

महिलाओं को हजार रुपए मिलने से महंगाई से राहत मिलेगी- केजरीवाल

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पूरे देश में दिल्ली में सबसे कम महंगाई है। एक महिला घर चलाती है। पति तो महीने की सैलेरी उसके हाथ में लाकर दे देता है। 20 तारीख पैसे खत्म हो जाते हैं। उस महिला को पता है कि वो अगले 10 दिन किस तरह से घर चलाती है और अपने बच्चों का पेट पालती है। सबसे ज्यादा महंगाई की मार महिलाओं को पड़ती है। हमने आपकी बिजली, पानी, बच्चों की शिक्षा और इलाज मुफ्त कर दिया। बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा करवा रहे हैं। बसों का किराया फ्री कर दिया। हमने जनता के लिए इतनी सारी चीजें फ्री कर दीं। अभी केंद्र सरकार की रिपोर्ट आई है कि जहां पूरे देश में 6 फीसद मंगाई है, वहीं दिल्ली की महंगाई दर केवल 3 फीसद है। दिल्ली में सबसे कम महंगाई है। अब जब महिलाओं को हजार-हडार रुपए मिलने लगेंगे तो इससे लोगों को और ज्यादा फायदा होगा।

भाजपा का सपोर्ट करने वाली महिलाओं से भी कहना, इस बार केजरीवाल को वोट दें- केजरीवाल

सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवालों को आगाह करते हुए कहा कि जब से इस योजना का एलान हुआ है, तब से चारों तरफ ये बात फैल गई है कि अब तो सातों सीट केजरीवाल की आ रही है। लेकिन आपको यह सोच कर घर नहीं बैठना है कि अब तो हमारी जीत हो ही रही है। ये लोग बड़े खराब है। कोई कहता है कि इन लोगों ने ईवीएम में गड़बड़ी कर रखी है। अगर इन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी कर रखी होगी तो 10 फीसद में ही की होगी। हम इनसे 20 फीसद वोट ज्यादा लेकर आएंगे। ये आपकी जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं को तीन जिम्मेदारी देते हुए कहा कि इस बार एक-एक महिला वोट डालने जाएंगी। भाजपा को समर्थन करने वाली महिलाओं से भी कह देना कि काम तो तुम्हारा भाई केजरीवाल ही आएगा। ये भाजपा वाले काम नहीं आने वाले। अपने रिश्ते में भी सभी महिलाओं को बोल देना कि तुम्हारी बिजली फ्री कर दी, बस का किराया फ्री कर दिया और अब हर महीने हजार-हजार रुपए मिलेंगे। वहीं, भाजपा वालों ने आपको कुछ नहीं दिया। जब भाजपा वालों ने कुछ नहीं दिया तो क्यों उसके पीछे पड़ी हैं। भाजपा को समर्थन देने वाली महिलाओं से भी कहिए कि इस बार केजरीवाल को वोट दो। जब वोट देने जाना, पहले अपनी आंख बंद कर भगवान का नाम लेना, अपने भाई केजरीवाल को आशीर्वाद देना और बटन दबा देना।

आप अपने घर के सभी सदस्यों को इस बार केजरीवाल को वोट देने के लिए तैयार करें- केजरीवाल

सीएम अरविंद केजरीवाल ने दूसरी जिम्मेदारी देते हुए कहा कि आपको अपने घर के सभी पुरुषों से भी वोट डलवाना है। कई आदमी मोदी-मोदी कर रहे हैं। अगर आपका पति कहे मोदी तो बोलना शाम का खाना नहीं मिलेगा। अपनी सिर की कसम दे देना। आदमी अपनी पत्नी की बात जरूर मानेंगे। सभी माताएं अपने बेटों से कसम खिलाएंगी कि इस बार केजरीवाल को वोट देना है। इसी तरह सभी बेटियों को अपने पिता और भाइयों को केजरीवाल को वोट देने के लिए तैयार करना होगा। तीसरा, सभी महिलाओं को अपने मोहल्ले में घर-घर जाकर हमारा प्रचार करना है। मेरे पास पैसा नहीं है। अगर मैं पैसा कमाता और भ्रष्टाचार करता, तो आपके लिए बस का किराया मुफ्त नहीं कर सकता था और आपको हजार-हजार रुपए नहीं दे सकता था। सरकार का पैसा बचा-बचाकर मैंने आपको बांट दिया है। अब बाकी आपकी जिम्मेदारी है। ये चुनाव आपको लड़ना है। ये पूरा चुनाव आपके जिम्मे है। अब एक-डेढ़ महीने का समय है। आप मेरे हाथ मजबूत करिए। आप लोग देख रहे हैं कि मैं कैसे इन लोगों के साथ रोज लड़ रहा हूं। ये लोग रोज हमारा कोई न कोई काम रोक देते हैं। अगर ये सातों सीट हमारे पास आ गईं तो संसद के अंदर भी मेरे हाथ मजबूत होंगे। फिर केंद्र सरकार, भाजपा और एलजी कोई काम नहीं रोक पाएंगे। अगर ये फिर भी कोई काम रोकेंगे तो ये सातों सांसद उनसे लड़ेंगे और आपके काम करवाकर लाएंगे।

सीएम केजरीवल ने सही मायने में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कदम बढ़ाया है- राखी बिड़लान

इस दौरान ‘‘आप’’ विधायक राखी बिड़लान ने कहा कि जब से दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार बनी है, उन्होंने दिल्लीवासियों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने मोहल्ला क्लीनिक बनाए, अच्छे अस्पताल और स्कूल बनाए। दिल्लीवासियों के लिए बिजली-पानी मुफ्त किया। सीएम अरविंद केजरीवल ने असल मायनों में महिलाओं को सशक्त करने के लिए कदम बढ़ाया है। उन्होंने दिल्ली में महिलाओं की बस यात्रा मुफ्त की। महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए पिंक मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए। इस बार दिल्ली के बजट में महिलाओं के लिए लाई गई यह योजना समाज में उनकी स्थिति को मजबूत करेगी। जिससे महिलाएं देश और प्रदेश में आर्थिक तौर पर अपना योगदान दे पाएंगी। सीएम केजरीवाल दिल्ली के बेटे होने का फर्ज निभाते हैं। हमारी हर योजना आखिरी पंक्ति में खड़ी महिला को मजबूत करने के लिए बनाई गई है। दिल्ली की महिलाओं के लिए लाई गई महिला सम्मान योजना के लिए मैं सभी दिल्लीवासियों की तरफ से सीएम का धन्यवाद करती हूं।

सीएम केजरीवाल से महिलाओं ने बात

जिन महिलाओं के घर में कोई कमाने वाला नहीं है, उन्हें बहुत राहत मिलेगी- अनीता

समाज सेविका अनीता ने कहा कि मेरे पास बहुत ऐसी महिलाएं आती हैं जो बहुत जरूरतमंद हैं। आपने महिलाओं को जो फ्री बस सुविधाएं दी हैं, उससे हमें काफी लाभ मिला है। महिला सम्मान योजना से महिलाएं काफी खुश हैं। कई महिलाएं ऐसी हैं जिनकी कोई आय नहीं है और घर में कोई कमाने वाला भी नहीं है, उनको इससे बहुत राहत मिलेगी। मैं बहुत खुश हूं कि अब मुझे अपने पति से पैसे नहीं मांगने पड़ेंगे। अब हम अपना खर्चा खुद उठा लेंगे।

इस पैसे से अपनी किताबें और मेट्रो का किराया दूंगी- एक छात्रा

दिल्ली के जाकिर हुसैन कॉलेज की एक छात्रा ने कहा कि मैं इस हजार रुपए से अपने मेट्रो का किराया दूंगी और अपने लिए किताबें खरीदूंगी। इस योजना के लिए आपको दिल से धन्यवाद।

‘अब हम हक से कहेंगे, हमारे भाई ने दिए हैं ये पैसे’

एक अन्य महिला ने कहा कि मैं इस योजना को शुरू करने के लिए आपका बहुत धन्यवाद करती हूं। कई बार पैसे के अभाव में हमारी छोटी-छोटी इच्छाएं मर जाती हैं। अब हम हक से बोलेंगे कि यह पैसा हमारे भाई ने दिए हैं और अपनी मर्जी से हम इन पैसों को खर्च करेंगे। अब हमसे इनका हिसाब कोई नहीं मांगेगा।

‘आपने साबित किया, आप दिल्ली के बेटे हो’

दिल्ली के शालीमार बाग निवासी शीतल ने कहा कि आपने साबित कर दिया कि आप दिल्ली के बेटे हो। पंजाब में जब इस स्कीम की घोषणा की थी तभी से दिल्ली की महिलाएं भी चाहती थीं कि यहां भी यह योजना चलाई जाए। आपने जो किया है वो कोई और नहीं कर सकता।

‘‘हमें आप पर गर्व है, इस योजना के लिए आपका धन्यवाद’’

दिल्ली के नजफगढ़ निवासी ऋतु ने कहा कि मैं ये एक हजार रुपए हर महीने अपनी बेटी के लिए जमा करूंगी। इस योजना के लिए आपका बहुत धन्यवाद। हमें आप जैसे सीएम पर गर्व है।

फ्री बस सेवा से हमें बहुत लाभ मिला- निम्मी बिष्ट

वहीं, निम्मी बिष्ट ने कहा कि मैं नौकरी करती हूं, आपकी फ्री बस सेवा से हमें बहुत लाभ हुआ है। मेरे साथ रोज कई महिलाएं सफर करती हैं जो आपको दुआएं देती हैं। इस नई स्कीम से हमें बहुत लाभ होगा।

‘दिल्ली के बेटे ने जो कर दिखाया है, वो कोई और नहीं कर सकता’

एक महिला ने कहा कि आपकी इस योजना से हमें बहुत मदद होगी। हमारे बच्चे हमें पैसे नहीं देते हैं। आप हमें जो हजार रुपए देंगे उससे हम आगे बढ़ेगे। दिल्ली के बेटे ने ऐसा काम करके दिखा दिया है जो कोई और नहीं कर सकता है।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia