Scrollup

आम आदमी पार्टी ने वरिष्ठ नेता प्रियंका कक्कड़ की जिम्मेदारियों का दायरा बढ़ा दिया है। पार्टी ने शनिवार को उन्हें अपना राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता घोषित किया। आप के नेताओं ने प्रियंका कक्कड़ को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। बतौर राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ अब राष्ट्रीय मुद्दों पर मीडिया में आम आदमी पार्टी की तरफ से पक्ष रखती हुई नजर आएंगी।

शनिवार को हुई आम आदमी पार्टी हाईकमान की मीटिंग के दौरान प्रियंका कक्कड़ को राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाने का निर्णय लिया गया।पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) ड्रॉ. संदीप पाठक ने प्रियंका कक्कड़ को पार्टी का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किए जाने का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए प्रियंका कक्कड़ को बधाई और शुभकामना दी।

प्रियंका कक्कड़ पिछले 10 वर्षों से आम आदमी पार्टी से जुड़कर सक्रिय तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती आ रही हैं।पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से प्रभावित होकर उन्होंने 2013 में पार्टी को ज्वाइन किया। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए पार्टी ने उन्हें अब तक कई जिम्मेदारियां दीं। पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा को साबित किया। पार्टी ने प्रियंका कक्कड़ को तेलंगाना के पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी और वह 2017-2019 तक इस पद पर रहीं। इसके बाद दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की लीगल हेड रहीं। 2020 में राघव चड्ढा के लोकसभा चुनाव लड़ने के दौरान कालका जी क्षेत्र की प्रभारी रही हैं। प्रियंका कक्कड़ ने राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के सलाहकार के रूप में 2021- 2023 तक काम किया और उत्तर प्रदेश की लीगल ऑब्जर्वर रहीं। वह उत्तर प्रदेश के लिए गठित 12 सदस्यीय निगरानी समिति का हिस्सा भी रही हैं। प्रियंका कक्कड़ ने पेन्सिल्वेनिया विश्वविद्यालय से विधि में मास्टर डिग्री हासिल की है और पिछले 17 वर्षों से वकालत कर रही हैं।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia