Scrollup

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल रविवार को सीबीआई दफ्तर जाने से पहले राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को नमन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम जुल्म-अत्याचार के खिलाफ जनता की आवाज और उम्मीद बनकर आखिरी सांस तक लड़ेंगे। हम अन्याय और ज़ुल्म के खिलाफ सत्य के रास्ते पर हैं। अंत में जीत सत्य की ही होगी। देश में कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतें हैं, जो नहीं चाहती हैं कि देश में स्कूल-अस्पताल बने, गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले और भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। मैं इन राष्ट्र विरोधी ताकतों से कहना चाहता हूं कि तुम हम भारतवासियों को जितनी मर्जी परेशान कर लो, लेकिन अब भारत रूकने वाला नहीं है। इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान, ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह व राघव चड्ढा, कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन समेत कई बड़े नेता भी साथ रहे। जिन्हें दिल्ली पुलिस ने लोधी रोड पर सीबीआई दफ्तर से पहले ही रोक लिया। जहां “आप” नेता धरने पर बैठ गए।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारत एक महान देश है। 75 साल के बाद भारत की राजधानी दिल्ली में एक सरकार आई, जिसने देश में एक उम्मीद पैदा की। आजादी के 75 साल बाद पहली बार दिल्ली में स्कूल अच्छे बनने लगे, बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी। गरीबों को अच्छा इलाज मिलने लगा, सड़कें ठीक होने लगीं, बिजली 24 घंटे आने लगी। दिल्ली में एकदम से चौतरफा विकास होने लगा। ऐसा विकास देश के लोगों ने 75 साल के इतिहास में किसी भी पार्टी की सरकार में नहीं देखा था।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की तरक्की को देखकर पूरे देश को एक उम्मीद जगी कि दिल्ली का विकास हो सकता है तो बाकी भारत का भी हो सकता है। पूरे देश को एक उम्मीद जगी कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बन सकता है। लेकिन देश के अंदर कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतें हैं, जो भारत की तरक्की नहीं चाहती हैं। 75 साल से इन्हीं राष्ट्र विरोधी ताकतों ने देश को जकड़ कर रखा है। ये राष्ट्र विरोधी ताकतें नहीं चाहती हैं कि देश में स्कूल बनें। ये नहीं चाहती हैं कि गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। ये नहीं चाहती हैं कि देश में अस्पताल बनें और सबको अच्छा इलाज मिले। ये नहीं चाहती हैं कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी राष्ट्र विरोधी ताकतों से कहा कि अब भारत रूकेगा नहीं। देश के लोग बहुत बेचैन हैं। अब भारत तरक्की करेगा, अब भारत आगे बढ़ना चाहता है। तुम हम भारत वासियों को जितना मर्जी परेशान कर लो, लेकिन भारत रूकने वाला नहीं है। तुम्हारी इन गीदड़ धमिकयों से भारत रूकने वाला नहीं है, भारत तो आगे बढ़ेगा।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia