Scrollup

आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के जनादेश को भाजपा की नफरत और तानाशाही की राजनीति के खिलाफ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता का जनादेश भाजपा के खिलाफ है। भाजपा को बहुमत नहीं मिल रहा है। लिहाजा नरेंद्र मोदी को नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। चुनाव परिणाम से संदेश साफ है कि जनता ने महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही से दुखी होकर ‘भाजपा वापस जाओ’ का नारा दिया है। लोग समझ गए थे कि संविधान व आरक्षण को खत्म करने और अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए मोदी जी को 400 सीटें चाहिए। वहीं, दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सबसे विपरित परिस्थितियों में चुनाव लड़ा। इसके बाद भी पंजाब में हमारे सांसदों की संख्या बढ़ रही है और दिल्ली में हमने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है।

जनता ने बाबा साहब के संविधान और आरक्षण को बचाने के लिए वोट किया- संजय सिंह

लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय और राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। संजय सिंह ने देश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र महापर्व में हिस्सा लिया। ये चुनाव कई प्रकार के संदेश दे रहे हैं। इस चुनाव में जनता द्वारा सबसे बड़ा संदेश दिया गया है कि 10 साल के बीजेपी शासन से लोग दुखी और परेशान हैं। जनता इस सरकार को हटाना चाहती है। लोग महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही से दुखी हैं। जिस तरह से इस चुनाव में धन-बल, ईडी सीबीआई, इनकम टैक्स, पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, सारे विपक्ष को पकड़कर जेल मे डाला गया। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को जेल में डाला गया। पूरे चुनाव को प्रभावित करने की एक गहरी साजिश रची गई। इसके बावजूद भारत के लोकतंत्र की ये खूबसूरती है कि देश की महान जनता ने ‘बीजेपी वापस जाओ’ का नारा है। जनता ने बाबा साहब के संविधान, दलितों, पिछड़ों, शोषितों और आदिवासियों को मिले आरक्षण को बचाने के लिए वोट किया।

ये चुनाव परिणाम भारत में नफरत और तानाशाही की राजनीति के खिलाफ है- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि इन चुनावी नतीजों में बीजेपी को बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा है। पिछली बार की तुलना में बीजेपी की लगभग 60 सीटें कम हो रही हैं। अब अगर प्रधानमंत्री मोदी में जरा सी भी नैतिकता है तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। क्योंकि उन्होंने तो 400 पार का नारा दिया था। लेकिन देश की जनता समझ गई की इन्हें 400 पार देश के संविधान को बदलने, आरक्षण खत्म करने और अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए चाहिए। इसलिए देश की जनता ने ये परिणाम दिया है। बीजेपी के लिए ये बहुत बड़ा सबक है, लेकिन शायद वो ये सबक नहीं लेंगे। क्योंकि उन्हें तो झगड़ा करना है। ये चुनाव का परिणाम भारत में नफरत और तानाशाही की राजनीति के खिलाफ है। ये इस बात का भी संकेत है कि नफरत की बुनियाद पर हिन्दुस्तान नहीं बनेगा, मोहब्बत की बुनियाद पर बनेगा। इसलिए मैं इस देश की की महान जनता को बधाई देना चाहता हूं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में आपने हिस्सा लिया। जनता ने एग्जिट पोल के नतीजों को पूरी तरह से ध्वस्त किया और ये बताया कि हम लोकतंत्र में अपने मुद्दों के आधार पर वोट देंगे, पार्टियों का चयन करेंगे। किसी को भी इस अहंकार में नहीं रहना चाहिए कि वो हमेशा के लिए इस देश में अपनी तानाशाही की हुकूमत चलाएंगे।

बजरंग बलि ने अपने आप को अवतारी कह रहे प्रधानमंत्री को बड़ा सबक दिया है- संजय सिंह

संजय सिंह जब से प्रधानमंत्री जी ने कहा कि उनका जन्म बायोलॉजिकल नहीं है, उन्होंने अवतार लिया है। वो अपने आप को भगवान से भी ऊपर मानने लगे। क्योंकि उनकी पार्टी गाना गा रही थी कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। इनको इतना अहंकार हो गया कि ये भगवान श्री राम को लाने का दावा करने लगे, भगवान जगन्नाथ को मोदी जी का भक्त बताने लगे। आज मंगलवार बजरंग बली का दिन है और उनको एक संदेश प्रभु श्री राम, हनुमान जी और इस देश की जनता ने दिया है। वो उससे कितना सबक लेते हैं ये तो मालूम नहीं, लेकिन ये भारत के लोकतंत्र की महान जनता है जो ये बताने के लिए खुद मैदान में आई की आप इस देश में तानाशाही की सरकार नहीं चला सकते।

भाजपा ने फर्जी एग्जिट पोल कराकर लोगों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश की- गोपाल राय

“आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि जिस, समय चुनाव का सातवां चरण समाप्त हुआ और एग्जिट पोल आए। सात चरणों के चुनाव में देश की जनता लगातार ये संदेश दे रही थी कि वो बीजेपी की तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी को खत्म करने के लिए अपना जनादेश दे रही है। लेकिन जिस तरह से जनता के संदेश को जानते और समझते हुए आखिरी समय में भी बीजेपी की केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री ने पूरे मीडिया चैनल को जिस तरह से मैनेज किया और फर्जी एग्जिट पोल घोषित करके लोगों के साइकोलॉजिकल माइंड पर जिस तरह से दवाब बनाने की कोशिश की गई, ये जनादेश उनके भी खिलाफ है। आम आदमी पार्टी ने शायद इस देश में जितनी पार्टियां हैं उसमें सबसे विपरीत परिस्थिति में हमने ये चुनाव लड़ा। हमें इस बात का भरोसा है कि पंजाब के अंदर हमारे सांसदों का संख्या बढ़ने जा रही है।

भाजपा की तानाशाही प्रवृत्ति अभी खत्म नहीं हुई है, संविधान-लोकतंत्र बचाने के लिए पूरे देश को मिलकर लड़ना होगा- गोपाल राय

वहीं, गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के अंदर जिस तरह बीजेपी ने सोचा था कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने के बाद पार्टी खत्म हो जाएगी। सब लोग पूछते थे कि चुनाव कैसे लड़ोगे, प्रचार कौन करेगा? लेकिन उन विपरीत परिस्थितियों में भी आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी चट्टानी एकता के साथ मिलकर दिल्ली में बीजेपी को कड़ी टक्कर दी। दिल्ली के अंदर बीजेपी का मार्जिन काफी बड़े पैमाने पर कम होने जा रहा है। मैं देश के लोगों से कहना चाहता हूं कि आपने बीजेपी को हराया है, लेकिन बीजेपी की अभी तानाशाही प्रवृति खत्म नहीं हुई है। इसलिए इस देश को इसके संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सबको मिलकर इस लड़ाई को आगे लड़ना पड़ेगा।

हमें उम्मीद है कि नीतिश कुमार और चंद्र बाबू नायडू तानाशाही को खत्म करने के लिए देश की जनता की आवाज सुनेंगे- गोपाल राय

गोपाल राय ने सभी पार्टियों से कहा कि जो इस देश के संविधान और लोकतंत्र में भरोसा रखते हैं, मैं उन तमाम पार्टी के लोगों से भी अपील करता हूं कि अपनी अंतरआत्मा की आवाज को सुनिए और जनता के जनादेश को स्वीकार करते हुए इस तानाशाही को हटाकर संविधान को बचाने के लिए एक लोकतांत्रिक सरकार बनाने के लिए आगे बढ़िए। मुझे भरोसा है कि जनता ने जो जनादेश दिया है, उसे देश की सभी पार्टियां सुनेंगी। क्योंकि बीजेपी के पास बहुमत नहीं है। बल्कि बीजेपी के अलावा जो पार्टियां हैं, उनके पास बहुमत है। आज देश में एनडीए गठबंधन की दो मुख्य पार्टियां हैं। इसमें पहली आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी है। चंद्रबाबू नायडू वो नेता हैं जिन्होंने 2019 में पूरे देश में घूमकर मोदी जी के खिलाफ लोगों को इकट्ठा किया। एनडीए में दूसरे नेता नीतीश कुमार हैं, जिन्होंने इस बार देशभर में घूमकर नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभियान चलाया। इन दोनों नेताओं से देश के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सही समय पर सही फैसला लेंगे और इस तानाशाही को खत्म करने के लिए देश की जनता की आवाज सुनेंगे। और देश में इस तानाशाही को खत्म करके एक लोकतांत्रिक सरकार बनाएंगे। लोगों की बेरोजगारी और महंगाई की समस्या का समाधान करेंगे। पूरे देश को उम्मीद है कि जल्द ही उसकी ये अकांक्षा पूरी होगी।

पूरी दुनिया ने देखा कि भारत की जनता ने संविधान बदलने की कोशिश करने वालों को कैसे जवाब दिया?- पंकज गुप्ता

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कहा कि आज देश की जनता ने इस चुनाव में जो नतीजे दिए हैं उससे इस देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व पर इसका असर पड़ेगा। आज पूरा विश्व देख रहा था कि भारत में जिस तरह से संविधान बचाने की पूरी कोशिश हो रही थी, देश की जनता इसका किस तरह से जवाब देती है। इन चुनावों के बाद भारत के लोकतंत्र में लोगों की आस्था और बढ़ेगी। देश की जनता बीजेपी क अलावा जितनी भी पार्टियां हैं उन सबसे ये उम्मीद करती है कि वो देश, लोकतंत्र और उन गरीबों के हित में जो सरकार की तरफ इस आशा से देखते हैं कि उन्हें रोजगार और जीने का सहारा मिलेगा वो ऐसा निर्णय लेंगे जो देश को बहुत दूर तक लेकर जाएगा।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia