Scrollup

दिल्ली नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जीतकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को इतिहास रच दिया। इस जीत की खुशी में राउज एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय पर गुरुवार को जश्न मनाया गया और सबने नवनिर्वाचित मेयर शैली ओबेरॉय व डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल को बधाई दी। इस दौरान ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने दिल्ली की जनता को बधाई देते हुए कहा कि एमसीडी में गुंडागर्दी की हार और जनता की जीत हुई। भाजपा ने ढाई महीने तक मेयर नहीं चुनने दिया, लेकिन अरविंद केजरीवाल के पार्षद भाजपा के मुंह से मेयर पद छीन ले आए। भाजपा ने प्रशासन के साथ मिलकर ‘‘आप’’ मुख्यालय के चारों तरफ बैरिकेडिंग करा दी, जिसके चलते सीएम अरविंद केजरीवाल इस कार्यक्रम में नहीं आ सके। मेयर शैली ओबेरॉय की गाड़ी पर भी भाजपा के गुंडों ने हमला किया। शैली ओबेरॉय को सदन से सड़क तक भाजपा से जान का खतरा है।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मेयर शैली ओबेरॉय को स्थायी समिति का चुनाव कराने के लिए 13 बार सदन स्थगित करना पड़ा, लेकिन भाजपा की गुंडागर्दी नहीं चलने दी। भाजपा ने स्थायी समिति के चुनाव में तोड़फोड़ और मेयर पर हमला करने की कोशिश की। हम अरविंद केजरीवाल के ईमानदार सिपाही हैं और भाजपा से डरने-झुकने वाले नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट ने तीनों चुनाव एक साथ कराने को कहा था। हम कोर्ट के आदेशों का पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान मंत्री इमरान हुसैन, विधायक दुर्गेश पाठक, एमसीडी सदन के नेता मुकेश गोयल और आजादपुर मंडी के चेयरमैन आदिल समेत बड़ी संख्या में पार्टी के वॉलेंटियर्स और समर्थक मौजूद रहे।

मेयर शैली ओबेरॉय ने स्थायी समिति का चुनाव कराने के लिए पूरी रात संघर्ष किया- संजय सिंह

राउज एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय पर वालेंटियर्स को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मेयर चुने जाने के तुरंत बाद शैली ओबेरॉय ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया और स्थायी समिति के चुनाव को लेकर उन्होंने पूरी रात संघर्ष किया। मेयर शैली ओबेरॉय को 13 बार सदन को स्थगित करना पड़ा, लेकिन भाजपा के लोगों की गुडागर्दी नहीं चलने दी। हमारे डिप्टी मेयर के प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल को आम आदमी पार्टी का पूरा वोट मिला। भाजपा ने धांधली करके एक-दो वोट रद करा दिए। इसके बावजूद आले मोहम्मद इकबाल को 148 वोट मिले और वो दिल्ली के डिप्टी मेयर चुने गए। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पहली बार आम आदमी पार्टी को एमसीडी में काम करके दिल्ली की जनता की सेवा करने का मौका मिला है। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को एमसीडी में जनाधार देकर अरविंद केजरीवाल के स्कूलों-अस्पतालों और बिजली-पानी की व्यवस्था पर मुहर लगाई थी। इसके लिए मैं दिल्ली की दो करोड़ जनता का अभार व्यक्त करता हूं। दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताया है। इसके बावजूद भाजपा ने गुंडागर्दी करके लंबे समय तक मेयर नहीं बनने दिया। भाजपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं और हमने मेयर और डिप्टी मेयर का पद भाजपा के मुंह से छीनकर ले लिया।

भाजपा का संविधान, लोकतंत्र और सुप्रीम कोर्ट पर यकीन नहीं, भाजपाइयों ने कल सदन की मर्यादा को तार-तार किया- संजय सिंह

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि आज हमारा जिन लोगों से पाला पड़ा है, उनका भारत के संविधान और लोकतंत्र पर यकीन नहीं है। जिस प्रकार उन्होंने सदन में गुंडागर्दी की, इससे साफ है कि उनका देश के सुप्रीम कोर्ट पर भी यकीन नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने एमसीडी के मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के चुनाव एक ही दिन कराने का आदेश दिया था। लेकिन भाजपा के पार्षदों ने कल पूरी तरह से सदन की मर्यादा को तार-तार किया है। कोई माइक तोड़ रहा है तो कोई बैलेट बॉक्स लेकर भाग रहा है, कोई बैलेट बॉक्स के अंदर स्याही-पानी डाल रहा है तो कोई आम आदमी पार्टी के पार्षदों के साथ मारपीट कर रहा है। यहां तक की भाजपावालों ने महिला मेयर शैली ओबेरॉय पर भी हमला करने की कोशिश कर सारी हदें पार कर दी। अगर मौके पर मार्शल और ‘‘आप’’ के पार्षद नहीं होते तो कल बहुत बड़ी अनहोनी हो सकती थी। भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है, लेकिन सदन में उसके व्यवहार पर शर्म आती है।

भाजपा से हमें लंबा मुकाबला करना है और इसके लिए अरविंद केजरीवाल के सिपाही तैयार हैं- संजय सिंह

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि कल मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी शैली ओबेरॉय को 150 वोट मिले तो भाजपा ने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट कर कहा कि भले ही आम आदमी पार्टी को 150 वोट मिले, लेकिन हमने उनके कई वोट तोड़ लिए। इस पर मैंने भाजपा को जवाब देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के पास 150 वोट थे और सारे वोट हमें मिले। लेकिन भाजपा इस ट्वीट से यह कहना चाहती है कि वह दुनिया की सबसे भ्रष्ट और बेईमान पार्टी है, जो खुलेआम पार्षदों के तोड़ने का दावा करती है। भाजपा खुलेआम ‘ऑपरेशन लोटस’ की बात स्वीकार कर रही है। भाजपा से अभी हमें लंबा मुकाबला करना है और भाजपा से मुकाबला करने के लिए अरविंद केजरीवाल के सभी सिपाही तैयार हैं। कभी अरविंद केजरीवाल के दफ्तर, तो कभी मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई के छापे पड़ जाते हैं। कभी सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया जाता है। ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई समेत सभी संस्थाओं का दुरुपयोग कर आम आदमी पार्टी के एक-एक नेता को निशाना बनाया जा रहा है। लेकिन हम आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं, हम किसी के आगे झुकने वाले नहीं हैं। हम ईमानदारी के रास्ते पर चल रहे हैं, हम भाजपा से लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी।

पीएम मोदी अडानी के साथ मिलकर लाखों करोड़ रुपए की बेइमानी कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही- संजय सिंह

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी अडानी के साथ मिलकर लाखों करोड़ रुपए की बेईमानी कर रहे हैं। देश का कोयला, गैस, बिजली, पानी, सड़क, स्टील, सीमेंट, सी-पोर्ट, एयरपोर्ट समेत सबकुछ अडानी को दिया जा रहा है। अडानी को ढाई लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया गया और 84 हजार करोड़ रुपए कर्ज माफ कर दिया गया। अडानी विदेशों में फर्जी कंपनियां बनाकर लाखों करोड़ रुपए भारत में अपनी कंपनी में लगाता है और इसकी जांच नहीं होती है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के किसी छोटे से कार्यकर्ता को भी झूठे मामले में फंसाना हो तो सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स और दिल्ली पुलिस सभी तैयार हो जाते हैं। इसलिए हमें यह मानकर चलना है कि हमारे सामने चुनौती बहुत बड़ी है। इस चुनौती का हम सभी सिर उठाकर और सीना तानकर सामना करेंगे।

पार्टी मुख्यालय के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर हमारे विधायकों, पार्षदों को आने से रोका गया- संजय सिंह

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि आज इस कार्यक्रम में ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं सीएम अरविंद केजरीवाल को आना था। लेकिन हर चीज में रुकावट डालना भाजपा के लोगों का चरित्र बन गया है। भाजपा ने प्रशासन से मिलकर ‘‘आप’’ मुख्यालय के चारों तरफ बैरिकेडिंग करा दी। हमारे विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। पार्टी मुख्यालय में आने के दौरान मुझे खुद तीन जगहों पर रोका गया। मेयर शैली ओबेरॉय की गाड़ी पर भाजपा के लोगों ने हमला किया। भाजपा की कृपा से नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता के आशीर्वाद से शैली ओबरॉय दिल्ली की मेयर बनी हैं। भाजपा ने जितना हमला किया है, आम आदमी पार्टी उतना ही ऊचांइयों पर पहुंची है। भाजपा के इन हमलों और गुंडागर्दी से आम आदमी पार्टी डरने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में नए भारत के सपने को पूरा करने के लिए काम करेंगे। दिल्ली की खूबसूरती और भलाई के लिए काम करेंगे। दिल्ली को भाजपा ने कूड़ाघर बना दिया है। हमारा मेयर और डिप्टी मेयर बन गया है। स्थायी समिति के चुनाव में भाजपा बाधा डाल रही है तो डालती रहे। हम सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दिल्ली में मेयर अब आम आदमी पार्टी का बन गया है। हम मिलकर दिल्ली को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने का काम करेंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia