Scrollup

अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिल्ली भी तैयार है। सीएम अरविंद केजरीवाल के प्रेरणा और निर्देश में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को भी राममयी बनाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए 22 जनवरी को सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सुंदरकांड, शोभायात्रा, आरती, प्रसाद वितरण समेत कई तरह के आयोजन किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दिलीप पांडे ने बताया कि जहां पूरा देश भगवान राम के स्वागत की तैयारी कर रहा है। वहीं, इसमें दिल्ली वाले भी पीछे नहीं है। जहां एक तरफ दिल्ली में रामलीला का मंचन किया जा रहा है। वहीं, 22 जनवरी को पार्टी के सभी मंत्री, विधायक, पार्षद, नेता, कार्यकर्ता भगवान राम के स्वागत में किए जा रहे भंडारे, प्रसाद वितरण, शोभायात्रा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दिलीप पांडे ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर दिल्ली में पार्टी द्वारा किए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रामायाण के एक श्लोक ‘‘आदौ रामतपोवनादि गमनं हत्वा मृग कांचनम्। वैदेही हरणं जटायु मरणं सुग्रीवसंभाषणम्। बालीनिर्दलनं समुद्रतरणं लंकापुरीदाहनम्। पश्चाद्रावण कुंभकर्णहननं एतद्धि श्री रामायणम।।’’ का उदाहरण देत हुए कहा कि भगवान राम मानवता के आदर्श हैं, जिनसे पूरा देश मनुष्यता की प्रेरणा लेता है। ऐसे रघुकुल में जन्मे भगवान श्रीराम के आगमन में पूरा देश राममय हुआ पड़ा है। पूरा देश कतारबद्ध हाथ जोड़कर भगवान श्रीराम का स्वागत कर रहा है। वहीं, इस पुण्य प्रदायनी प्रक्रिया में दिल्ली वाले भी पीछे नहीं है।

विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि दिल्ली भी भगवान राम के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। जहां एक तरफ दिल्ली की सभी विधानसभाओं में विगत मंगलवार को संकट मोचन बजरंगी बली की अराधना के लिए सुंदरकांड का पाठ कराया गया। वहीं, मंगलवार को जब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है उस दौरान दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में अलग-अलग आयोजन किए जा रहे हैं। इस सुखद और सौभाग्यशाली अवसर पर दिल्ली की 70 विधानसभाओं में से 44 में कई जगहों पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। करीब 7 जगहों पर भगवान राम के आगमन पर शोभायात्रा निकाली जा रही है। वहीं, 3 विधानसभाओं में फिर से सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। वहीं, 16-17 विधानसभाओं में आरती के बाद फल प्रसाद के वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। यानी पूरी दिल्ली में सभी 70 विधानसभाओं में कई जगहों पर आरती, सुंदरकांड, शोभायात्रा, फल प्रसाद वितरण का कार्य़क्रम रखा गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रेरणा और निर्देश से दिल्ली में देश की सबसे अच्छी रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 20 जनवरी से हुई है और जो 22 जनवरी तक चलेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सभी मंत्री, विधायक, पार्षद, नेता और कार्यकर्ताओं को कहा है कि जहां भी शोभायात्रा निकाली जा रही है, उसका हिस्सा बनिए. जहां भंडारा हो रहा है, वहां अपनी सेवा दीजिए और इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बनिए। भगवान राम के आगमन पर हर उस रास्ते में नजर आइए, जहां उनके स्वागत में शोभायात्रा निकाली जा रही है, जहां भंडारा हो रहा है।

विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि पूरी दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करती है कि उनके अथक प्रयास से तीर्थयात्रा योजना के तहत दिल्ली से अयोध्या तक रामलला के दर्शन को जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन चलाई जाएंगी। भगवान श्रीराम किसी एक राजनैतिक दल के नहीं हैं। वह पूरे देश की मर्यादा के सर्वाेच्च प्रतिमान हैं। वह मनुष्यता को विभुषित करने वाले भारतीय सभ्यता के सबसे बड़े आदर्श हैं। ऐसे में उनके दर्शन करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जरूर जाएंगे और पार्टी के सभी नेता कतारबद्ध होकर सपरिवार जरूर जाएंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia