Scrollup

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को जमानत मिल गई। कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने के बाद पूरी दिल्ली में जश्न का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। केजरीवाल की जमानत पर ‘‘आप’’ सांसद संजय सिंह ने कहा कि झूठ-फरेब और फर्जी तथ्यों के आधार पर बनाए गए मामले में न्याय की जीत हुई है। केजरीवाल को जमानत मिलने से देश की न्याय व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत होगा। कोर्ट का ये फैसला भाजपा के झूठ पर जोरदार तमाचा है। उन्होंने कहा कि ईडी के अब तक के बयान झूठ पर आधारित थे। यह केवल अरविंद केजरीवाल को फंसाने के लिए बनाया गया एक बेबुनियाद फ़र्ज़ी मामला है। उधर, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने एक्स पर कहा कि जाको राखे साइयां, मारि न सके कोय, बाल न बांका करि सके, जो जग बैरी होय।। सत्यमेव जयते। जबकि पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि अदालत पर भरोसा है। अरविंद केज़रीवाल को जमानत, सत्य की जीत है।

मीडिया से बात करते हुए ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत इस बात का सबूत है कि देश के अंदर न्याय व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की राजनीति को खत्म करने के लिए भाजपा ने फर्जी तथ्यों के आधार पर मामला बनाया था, लेकिन आज न्यायपालिका ने उस गंदी साजिश पर तमाचा मारा है। यह सत्य की विजय है। हम बार-बार कहते हैं कि इस तथाकथित शराब घोटाले का कोई सिर-पैर नहीं है। यह झूठ की बुनियाद पर खड़ा किया गया है और इसके कोई तथ्य या प्रमाण नहीं हैं। कोर्ट के इस फैसले से लोगों के मन में न्यायपालिका के प्रति विश्वास बढ़ेगा। इस फैसले से देश और दिल्ली के लोगों में खुशी की लहर है और आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता उत्साहित है। संजय सिंह ने कहा कि कोर्ट का फैसला आने के बाद मैंने सीएम अरविंद केजरीवाल के परिवार से मुलाकात की। उनका परिवार और बच्चे इस फैसले से काफी खुश हैं।

सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह हम सब के लिए बहुत बड़ी जीत है और भाजपा के मुंह पर जोरदार तमाचा है। अगर भाजपा में थोड़ी भी शर्म बची है, तो भाजपा, मोदी जी और अमित शाह को यह झूठे केस बंद करने चाहिए और फर्जी केस में जेल में बंद किए गए लोगों को रिहा करना चाहिए। ईडी के पास कोई तथ्य या प्रमाण नहीं हैं। उन्होंने झूठ की बुनियाद पर सरकार के दबाव में यह केस बनाया है, इसलिए कोर्ट के सामने उनकी दलील नहीं चली। इस पूरे मुकदमे का मकसद केवल अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की राजनीति को खत्म करना था। हम न्यायपालिका में अपनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। अब सब दूध का दूध और पानी का पानी होगा। जिस तरह से झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं, न्यायपालिका भी उसे देख रही है। भाजपा इस दुनिया की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। आज अजित पवार, अशोक चौहान, छगन भुजबल, नवीन जिंदल, हिमंता बिस्वा शर्मा, जनार्दन रेड्डी समेत देश के बड़े से बड़े भ्रष्टाचारी प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के साथ हैं।

‘‘आप’’ नेताओं ने केजरीवाल की जमानत को बताया सत्य की जीत

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक्स पर कहा कि अदालत पर भरोसा है। केज़रीवाल जी को जमानत, सत्य की जीत।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि जाको राखे साइयां, मारि न सके कोय। बाल न बांका करि सके, जो जग बैरी होय।। सत्यमेव जयते!

राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने एक्स पर कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं। ये न्याय की जीत है, सच्चाई की जीत है। अरविंद केजरीवाल जी को बेल देने के लिए माननीय न्यायालय का दिल से धन्यवाद।

कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि पीएमएलए के मामलों में किसी भी तरह की राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट तक इंतज़ार करना पूरी न्याय व्यवस्था का दम घोट रहा था। निचली अदालतें भी समय पर न्याय दें, यह बहुत ज़रूरी था। हर मामला सुप्रीम कोर्ट जाए, ये सुप्रीम कोर्ट का बोझ बेवजह बढ़ा रहा था।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia