Scrollup

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को अमृतसर में व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ टाउन हॉल मीटिंग की। इसके बाद जलंधर और लुधियाना में विशाल रोड शो कर पार्टी के प्रत्याशियों के लिए जन समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि मैं देश को बचाने के लिए 140 करोड़ भारतवासियों का साथ मांग रहा हूं। आज देश में नरेंद्र मोदी की तानाशाही चल रही है। नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के तमाम नेताओं को गिरफ़्तार कराया और अब कह रहे हैं कि आइए, हम चुनाव लड़ते हैं। यह पूरी तरह से तानाशाही है। पाकिस्तान, रुस और बांग्लादेश में विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार करके चुनाव कराए गए। मोदी जी भी भारत में ऐसे ही चुनाव करा रहे हैं। ये देश में ‘वन पार्टी-वन नेता का राज लाना चाहते हैं, ताकि पूरे देश में केवल भाजपा ही दिखे। उन्होंने कहा कि आज भगवंत मान अकेले केंद्र सरकार से लड़ रहे हैं। अगर 13 सांसद हमें मिल गए तो पंजाब के मसलों का जल्द समाधान होगा। इन्होंने किसानों को दिल्ली में घुसने नहीं दिया, आंदोलन में 700 से ज्यादा किसानों की जान चली गई। इसलिए इस बार ऐसा बटन दबाना कि इनकी सरकार दिल्ली से बाहर हो जाए।

अगर व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्या का समाधान नहीं होगा तो देश तरक्की नहीं कर सकता है- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा किएक साल पहले मैं आपके बीच आया था। उस वक्त मैं आपसे वोट मांगने नहीं आया था। हम आपकी समस्याओं का समाधान करने के लिए आए थे। हमें लगता है कि व्यापारियों और उद्योगपतियों का किसी भी देश की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा योगदान होता है। अगर व्यापारी और उद्योगपति खुश नहीं होंगे, उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तो देश आगे तरक्की नहीं कर सकता है। आप लोग हमारे देश की अर्थव्यवस्था के लिए रीढ़ की हड्डी हैं। एक बार मोदी जी ने कहा था कि आढ़ती और व्यापारी दलाल होते हैं। हमारे लिए आप दलाल नहीं, देश के अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी हैं। एक तरफ किसान और मजदूर फसल उगाते हैं। दूसरी तरफ व्यापारी हैं, जो उसे पूरे देश में पहुंचाते हैं। उद्योगपति उसकी आगे प्रोसेसिंग करते हैं। आप लोग हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

आम आदमी पार्टी आप लोगों की पार्टी है, हमें आपकी समस्याएं पता हैं और हम समाधान कर रहे हैं- केजरीवाल

उन्होंने कहा कि पहले पंजाब से लोकसभा में हमारा एक ही एमपी था। आम आदमी पार्टी के अलावा संसद में कोई सांसद पंजाब के हक के बारे की बात नहीं करता था। वो भी आपकी आवाज उठा सकते थे, लेकिन उन्हें आपकी परवाह ही नहीं थी। आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है। हम आपके बीच से निकले हुए लोग हैं। हमें आपकी समस्याएं पता हैं। इसलिए हम आपकी समस्याओं पर काम करते हैं। एक साल पहले मैंने कहा था कि मैं वोट मांगने नहीं, आपकी समस्याएं सुलझाने आया हूं। इस बार मैं आपसे इस लोकसभा चुनाव में आपका समर्थन मांगने आया हूं। ये कई मायनों में जरूरी है। पंजाब में जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बन रहे हैं, बच्चों के लिए स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बन रहे हैं। अभी हमें 2 साल ही हुए हैं और आगे बहुत से काम होने बाकी हैं। 75 सालों में इन्होंने जो गंध फैलाया है, उसे ठीक करने में थोड़ा समय तो लगेगा। लेकिन इन 2 साल में आपको इतना यकीन हो गया होगी कि हमारी नियत साफ है, हम अच्छे और ईमानदार लोग हैं। हम पंजाब की तरक्की करना चाहते हैं। 3 साल अभी और बाकी हैं। इसमें कई और मोहल्ला क्लीनिक खोलेंगे, सारे स्कूल ठीक कर देंगे। आपके पानी, सीवर और वाघा बॉर्डर समेत अन्य कामों को करेंगे। लेकिन हमें आपका और साथ चाहिए। आपने हमें राज्य में 92 सीट दे दीं। अब केंद्र में हमारी ताकत बढ़ाओ और भगवंत मान के हाथ मजबूत करो। जिससे केंद्र के हमारे मसलों को भी हल करने में हमें मदद मिलेगी।

केंद्र सरकार ने पंजाब के लोगों के हक का 9 हजार करोड़ रुपए रोक दिया है- केजरीवाल

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब का करीब 9 हजार करोड़ रुपए का फंड रोक दिया है। उसमें 5.5 करोड़ रुपए ग्रामीण विकास फंड का पैसा है, नेशनल हेल्थ मिशन का पैसा है। इस आरडीएफ के पैसे से गांव-गांव में सड़कें बननी थीं। अगर वो 5.5 हजार करोड़ रुपए आ जाते तो, गांव-गांव में कितनी सड़कें बन सकती थीं। नेशनल हेल्थ मिशन का पैसा आ जाता तो कितने और मोहल्ला क्लीनिक बन सकते थे। इन लोगों ने गुंडागर्दी और तानाशाही मचा रखी है। विकास और लोगों की तरक्की के साथ राजनीति नहीं होनी चाहिए। ये लोग पंजाब के हक का पैसा रोककर बैठे हुए हैं। ये ठीक नहीं है। ये तानाशाही है। ये एक तरह से कह रहे हैं कि अगर हमें वोट नहीं दोगे तो हम तुम्हारा पैसा रोक लेंगे। हमारे देश का पैसा आप कैसे रोक लोगे? आप लोगों ने हमें 92 सीट देकर जिताया। हम कानून बनाकर विधानसभा में पास करते हैं और राज्यपाल उसपर साइन करने से मना कर देता है। इस तरह से गवर्नर इतने सारे बिल लेकर बैठा है। ये तो गुंडागर्दी है कि हमें जिताओगे तभी हम बिल पास करने देंगे। ये ठीक नहीं है। ये देश के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये देश में वन पार्टी, वन नेशन करना चाहते हैं कि पूरे देश में केवल बीजेपी ही दिखनी चाहिए। हम और किसी को काम ही नहीं करने देंगे। आज अकेले भगवंत मान केंद्र सरकार से लड़ रहे हैं। अगर आपने 13 एमपी जिता दिए। तो भगवंत मान के 13 हाथ हो जाएंगे। फिर ये 13 लोग आपके हक के लिए केंद्र सरकार से लड़ेंगे और आपके मसलो का जल्दी समाधान होगा।

ये लोग जनता का सारा पैसा खा गए और हम लोग जनता का पैसा जनता के काम में लगा रहे हैं- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने मुझे गिरफ्तार कर लिया। कहते हैं कि केजरीवाल भ्रष्टाचारी है। मैं पूछना चाहता हूं कि लोगों की बिजली फ्री करने वाला भ्रष्टाचारी है या बिजली महंगी करने वाला भ्रष्टाचारी है? अगर मुझे भ्रष्टाचार करना होता तो आपकी बिजली फ्री नहीं करता। ये लोग जनता का सारा पैसा खा गए और मैंने जनता का पैसा जनता के काम करने में लगा दिया। अब आप ही बताइए कौन हुआ भ्रष्टाचारी? कोई भी भ्रष्टाचारी आदमी काम नहीं करता। 16 मार्च को चुनाव की घोषणा हुई और 21 मार्च को इन्होंने मुझे गिरफ्तार कर लिया। इन्होंने मुझे भ्रष्टाचार के डर से गिरफ्तार नहीं किया। इनको डर था कि अगर केजरीवाल पूरे देश में इनके खिलाफ प्रचार करेगा तो इनकी सीटें कम हो जायेंगी। इसलिए मुझे गिरफ्तार किया। वो तो भला हो सुप्रीम कोर्ट का जिसने जमानत दी और अब मैं इनके खिलाफ प्रचार कर रहा हूं। हमारी पार्टी से मुझे, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया। फिर मोदी जी दिल्ली में आकर कहते हैं कि आओ चुनाव लड़ते हैं। हमारे 4 सबसे बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया और कहते हैं कि आओ चुनाव लड़ते हैं। इस पर आप चुनाव क्या लड़ोगे?

ये लोग ऐसा भारत चाहते हैं, जिसमें एक ही पार्टी और एक ही नेता बचे- केजरीवाल

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने महाराष्ट्र में एनसीपी पार्टी के दो टुकड़े कर दिए, उनकी पार्टी छीन ली, उनका सिंबल छीन लिया। शिवसेना के दो टुकड़े कर दिए। उनकी पार्टी छीन ली, उनकी पार्टी और सिंबल छीन लिया। हेमंत सोरेन को भी चुनाव के पहले गिरफ्तार कर लिया और कहते हैं कि आओ चुनाव लड़ते हैं। जैसे पाकिस्तान में इमरान खान के साथ हुआ, उनकी पार्टी और सिंबल छीन लिया, फिर उसके बाद चुनाव कराया तो वो लोग जीत गए। बांग्लादेश के अंदर शेख हसीना ने सारे विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया और फिर चुनाव कराया तो वो जीत गई। इसी तरह रूस में पुतिन ने या तो जेल मे डाल दिया या मरवा दिया। उसके बाद चुनाव कराया तो उसे 87 फीसद वोट मिल गए। क्या आप ऐसा भारत चाहते हो, जिसमें एक ही पार्टी और एक ही नेता बचे? आज मैं इन लोगों से लड़ रहा हूं। तन-मन-धन से इनके खिलाफ लगा हुआ हूं। लेकिन इस देश को बचाने के लिए 140 करोड़ देशवासियों का साथ चाहिए।

अमित शाह धमकी देना बंद करें, अगर पंजाबी खड़े हो गए तो आपका पंजाब में घुसना मुश्किल कर देंगे- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रविवार को गृह मंत्री अमित शाह लुधियाना आए थे। पहले उन्होंने पंजाब के लोगों को खूब गालियां दीं। फिर धमकी देकर गए हैं कि 4 जून के बाद पंजाब की सरकार गिरा देंगे। 4 जून के बाद भगवंत मान मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। हमारे पास 92 सीट है, कैसे गिरा देंगे? इन्होंने तानाशाही मचा रखी है। ये खुलकर कह रहे हैं कि हम तुम्हारे विधायक तोड़ लेंगे। हम उनको डरा देंगे। ईडी-सीबीआई लगा देंगे, पैसे से खरीद लेंगे। देश का गृहमंत्री खुलकर ये बात कह रहा है। मैं उनको कहना चाहता हूं कि पंजाबी दिल के बहुत बड़े होते हैं। प्यार से मांगते तो आपको 1-2 सीट दे देते। लेकिन अमित शाह जी पंजाब के लोगों को धमकी मत दो। वरना जब पंजाबी खड़े हो जाते हैं, तो यहां के लोग आपका पंजाब में घुसना मुश्किल कर देंगे।

पंजाब में हमारी की सरकार है, अगर हमारे सांसद भी होंगे तो मिलजुल कर काम करेंगे- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसान आंदोलन में हमारे किसान दिल्ली जाना चाहते थे। दिल्ली देश के 140 करोड़ लोगों की है। इन्होंने किसानों को दिल्ली नहीं जाने दिया। सड़कों पर कीलें लगा दीं। उन्हें दिल्ली के अंदर नहीं घुसने दिया। हमारे 750 किसान मर गए, उनमें अधिकांश पंजाब के किसान थे। इन्होंने आपको दिल्ली नहीं जाने दिया, इस बार ऐसा बटन दबाना कि इनको दिल्ली के बाहर भगा देना। ये देश बचाने का चुनाव है। आप लोगों को सबको आम आदमी पार्टी को वोट देने के लिए तैयार करना है। पिछले 75 सालों मे किसी ने लोकसभा में पंजाब की आवाज नहीं उठाई। पंजाब में इस समय हमारी सरकार है। जब हमारा ही एमपी होगा और हमारी ही यहां सरकार है। तो हम मिलजुल कर काम करेंगे। ये लोग केंद्र से प्रोजेक्ट लेकर आएंगे। यहां पर हमारी सरकार है। हमें उसे लागू करेंगे। इस तरह मिलजुल कर काम होगा। अगर हमारी 13 सीटें आएंगी तो केंद्र में भी हमारे हाथ मजबूत होंगे और पंजाब सरकार से भी वो सारे काम हम करा पाएंगे। इसलिए सभी 13 सीटें इस बार आम आदमी पार्टी को देनी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का अहंकार देखिए। नरेंद्र मोदी कह रहे हैं कि मुझे भगवान ने प्रकट किया है। वो ख़ुद को भगवान का अवतार बता रहे हैं। इनके प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ नरेंद्र मोदी के भक्त हैं। ये लोग कहते हैं कि भगवान राम को इस पृथ्वी पर नरेंद्र मोदी लाए हैं। इस बार इनका अहंकार तोड़ना है।

पंजाब के लोगों से अपील, हमें सभी 13 सीटें दे दो, लोकसभा में केवल पंजाब की गूंजेगा- केजरीवाल

वहीं, जलंधर और लुधियाना में रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब मैं जेल में था, तब मुझे आप लोगों की बहुत याद आती थी। मुझे पता है कि आप लोगों ने भी मुझे बहुत याद किया। भगवंत मान मुझसे जेल में मिलने के लिए आते थे। वो बताते थे कि पंजाब में सब कुछ अच्छा चल रहा है तो मेरे दिन को सुकून मिलता था। आप लोगों ने 2 साल पहले हमें भारी बहुमत दिया था। पूरे पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक बन रहे हैं, स्कूल अच्छे करने चालू कर दिए। आज मैं आपसे कुछ मांगने आया हूं। आप लोगों ने हमें 117 में से 92 सीट दीं, इसके लिए मैं आपका जिंदगी भर आभारी रहूंगा। मैं छोटा सा आदमी हूं, लेकिन आप लोगों ने इतना प्यार, मान और सम्मान दिया, उसके लिए तहे दिल से आपका बहुत शुक्रिया। अब ये लोकसभा चुनाव हैं। केंद्र सरकार ने तानाशाही कर रखी है। आप लोगों से आज मैं मांगने आया हूं कि यो 13 सीटें हमें दे दो। लोकसभा के अंदर केवल पंजाब ही गूंजेगा। बीजेपी को वोट देने से कोई फायदा नहीं है, आपका वोट बेकार होगा। अकाली दल और तीसरी पार्टी को भी वोट देने से कोई फायदा नहीं है, आपको वोट बेकार होगा। वो हमसे बैठकर लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी को 13 सीटें दो, हम मिलकर काम करेंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia