Scrollup

सीएम अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता और पत्नी के साथ घर पर पुलिस के आने का इंतजार करते रहे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर पुलिस के इंतजार करने की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मैं अपने माता-पिता और पत्नी के साथ पुलिस का इंतज़ार कर रहा हूं। कल पुलिस ने फ़ोन करके मेरे माता-पिता से पूछताछ के लिए टाइम मांगा था, लेकिन वो आएंगे या नहीं, इसकी उन्होंने कोई जानकारी अभी नहीं दी।

इस पोस्ट के साथ मुख्यमंत्री ने एक फोटो और 45 सेकेंड की एक वीडियो भी साझा की है। फोटो उनके घर का है, जिसमें मुख्यमंत्री सपत्नी अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ बैठे हैं और पुलिस के आने का इंतजार कर रहे हैं। जबकि वीडियो में वो अपने बुजुर्ग पिता जी को हाथ का सहारा देकर उन्हें घर से बाहर लाते हुए दिख रहे हैं और उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल माता जी का हाथ सहारा देकर उन्हें बाहर ला रही हैं। वीडियो देखकर साफ पता चलता है कि उनके माता-पिता काफी बुजुर्ग और वो बिना सहारे के चलने में असमर्थ हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास पर संजय सिंह, आतिशी समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

इस संबंध में ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रति अपनी राजनीति दुर्भावना और बदले की भावना में इतना नीचे आ चुके हैं कि पहले उन्होंने केजरीवाल सरकार के मंत्रियों को गिरफ्तार किया, जेल में डाला। फिर अरविंद केजरीवाल को पकड़कर जेल में डाला और आज सारी हदें पार करके उनके बूढ़े और बीमार माता-पिता को पुलिस द्वारा प्रताड़ित करने की योजना बनाई है। वो पुलिस के द्वारा उनके बूढ़े माता-पिता को प्रताड़ित कर रहे हैं।

संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल के पिता की उम्र करीब 85 वर्ष है, जब को चलते भी हैं तो किसी का सहारा लेकर चलते हैं। कानों से ठीक से सुन नहीं पाते। उनकी मां की आयु 76 वर्ष है। जिस दिन केजरीवाल गिरफ्तार हुए, उसके दो दिन पहले ही वो ऑपरेशन कराने के बाद घर पर आई थीं। अरविंद केजरीवाल गिरफ्तारी के पहले अपनी मां से मिल भी नहीं पाए और प्रधानमंत्री ने उनको जेल भिजवा दिया। प्रधानमंत्री इस स्तर पर आ गए हैं? देश और दिल्ली के लोग देख रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल के प्रति प्रधानमंत्री ने अपनी दुर्भावना और बदले की राजनीति को आज इस स्तर तक पहुंचा दिया है कि उनके बूढ़े और बीमार मां-बाप को भी नहीं बख्श रहे हैं। उन्हें भी पुलिस के द्वारा प्रताड़ित करवा रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नफरत, दुर्भावना और बदले की भावना में किसी भी स्तर तक नीचे जा सकते हैं। ये उसका जीता जागता उदाहरण है? पूरा देश और दिल्ली इस बात का जवाब देगा।

उधर, ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत मिली है, भाजपा बौखला और सकपका गई है। भाजपा एक के बाद एक अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर कोई न कोई हमला कर रही है, उनके खिलाफ षड़यंत्र रच रही है। लेकिन आज जब उनके माता-पिता पर अत्याचार किया जा रहा है और दिल्ली पुलिस द्वारा उनके माता-पिता से पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। तो मुझे लगता है कि आज सारी हदें पार हो गई हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की माता जी की उम्र 76 साल है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के कुछ दिन पहले तक वो लंबे समय तक अस्तपाल में थीं। उनकी तबीयत की हालत यह है कि वो ज्यादा चल नहीं पा रही हैं, अपने कमरे से बाहर नहीं निकल पाती हैं। उनकी पिता जी की उम्र 85 साल है। वो बिना सहारे के चल नहीं पाते हैं। उनको कम दिखाई और सुनाई देता है।

आतिशी ने कहा कि क्या हमारे प्रधानमंत्री इस हद तक गिर गए हैं कि बुजुर्ग और बीमार माता-पिता को प्रताड़ित कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता है कि हमारे देश के इतिहास में राजनीति कभी इतनी नीचे आई है। अरविंद केजरीवाल ने खुद एक बेटा बनकर, दिल्ली के हर बुजुर्ग को अपना माता-पिता मानकर श्रवण कुमार की तरह उनको तीर्थयात्रा करवाई। मुझे पूरा भरोसा है कि आज जिस तरह अरविंद केजरीवाल को प्रताड़ित किया जा रहा है, उनके बुजुर्ग व बीमार माता-पिता को प्रताड़ित किया जा रहा है, दिल्ली के लोग अपने वोट से इसका जवाब जरूर देंगे। अभी भी हम दिल्ली पुलिस के आने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन कुछ पता नहीं है। अगर इतने बुजुर्ग और बीमार माता-पिता को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है, उनको मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, तो यह हमारे लिए भी चिंता का विषय है। पूरी दिल्ली जानती है कि आज दिल्ली पुलिस भाजपा का एक राजनैतिक हथियार है और भाजपा के इशारे पर ही काम कर रही है। यह पूरा प्रकरण ही भाजपा की साजिश का परिणाम है। भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि उनकी स्वाति मालीवाल से क्या डील हुई है? जिसके लिए यह पूरा षड़यंत्र रचा गया है।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia