Scrollup

दिल्ली में वोटिंग से पहले जल संकट पैदा करने के लिए भाजपा ने एक नया षड़यंत्र रचा है। ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता एवं जल मंत्री आतिशी ने इसका का खुलासा करते हुए दिल्लीवालों को सावधान किया है। उन्होंने कहा कि 25 मई को दिल्ली में मतदान होना है। इससे पहले भाजपा पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मचाने के लिए अपनी हरियाणा सरकार के जरिए दिल्ली को मिलने वाला पानी रोक रही है, ताकि लोग परेशान हों। उन्होंने दिल्लीवालों से भाजपा के इस षड़यंत्र में न फंसने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली की सातों सीटें हारता देख ‘‘आप’’ और केजरीवाल को बदनाम करने के लिए यह षड़यंत्र रचा है। 11 मई से हरियाणा कम पानी दे रहा है। इससे यमुना का जल स्तर घटकर 670.9 फीट पर आ चुका है, जबकि यह 674 फीट होना चाहिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा की साजिश से निपटने के लिए हमने तैयारी तेज कर दी है। डीजेबी को टैंकरों की संख्या और बोरबेल के चलने का समय बढ़ाने का निर्देश दे दिया है। इसके अलावा, हम हरियाणा सरकार को चिट्ठी लिख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर कोर्ट में अर्जी भी लगाएंगे।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा की भाजपा सरकार द्वारा दिल्ली में जल संकट पैदा करने को लेकर अहम प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि जब से देश में लोकसभा चुनाव की घोषणा हुई है, तभी से भाजपा के लोगों को पता है कि दिल्ली और देश के लोग उनके 10 साल के काम से बहुत नाराज और नाखुश हैं। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से परेशान दिल्ली और देश के लोगों ने अपना मन बना लिया है कि वो भाजपा की सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे। दिल्ली के लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार दिल्ली की सातों सीटें इंडिया गठबंधन को देने वाले हैं। यही कारण है कि चुनाव की घोषणा के बाद से ही भाजपा अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ एक के बाद एक नया षड़यंत्र रचना शुरू कर दिया।

आतिशी ने कहा कि चुनाव की घोषणा के पांच दिन के अंदर ही बिना किसी सबूत के ईडी द्वारा अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा ने सोचा कि आम आदमी पार्टी चुनाव प्रचार नहीं कर पाएगी और दिल्ली-पंजाब की सीटें हार जाएगी। लेकिन उपर वाले का आशीर्वाद और एक चमत्कार था कि सुप्रीम कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को जमानत मिल गई। जब अरविंद केजरीवाल जमानत पर बाहर आए तो भाजपा और ज्यादा घबरा गई। अरविंद केजरीवाल के प्रति दिल्ली की जनता का जो प्यार था, जिस तरह दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए भारी संख्या में सड़कों पर उमड़ कर आ रहे थे, उसे देखकर भाजपा एक-एक कर और षड़यंत्र रचने शुरू कर दिए।

आतिशी ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल का प्रयोग कर अरविंद केजरीवाल पर झूठे आरोप लगाने की कोशिश की। जब स्वाति मालीवाल वाला षड़यंत्र नहीं चला तो आम आदमी पार्टी के सालों पुराने डोनेशन के केस को लेकर आ गए और कहा कि हम इस पर ईडी का केस करेंगे, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने विदेश फंड लिया है। जब यह भी आरोप नहीं चला तो अब भाजपा ने 25 मई को दिल्ली में होने वाले मतदान से पहले आम आदमी पार्टी को टारगेट करने और दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए एक नया षड़यंत्र रचा है। इस षड़यंत्र के तहत भाजपा ने अपनी हरियणा सरकार के माध्यम से दिल्ली को मिलने वाले पानी को रोक दिया है। दिल्ली में पानी की त्राहि-त्राहि मचाकर दिल्लीवालों को परेशान करने के लिए हरियाणा से दिल्ली में आ रही यमुना की पानी आपूर्ति को रोक रहे हैं।

आतिशी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से पानी की कमी की शिकायतें आ रही हैं। इन जगहों पर पहले कभी पानी की कमी की शिकायत नहीं आती है। हमने उसकी जांच कराई तो पता चला कि यमुना का पानी हरियाणा सरकार द्वारा रोका जा रहा है। एक समान्य समय पर यमुना का जल स्तर वजीराबाद में 674 फीट होता है और अगर जल स्तर कम भी होता है तो 672 से नीचे नहीं जाता है। हमने जांच में पाया गया कि 11 मई से लेकर 21 मई तक हरियाणा की भाजपा सरकार धीरे-धीरे करके दिल्ली का पानी रोक रही है। 11 मई को यमुना का जल स्तर 671.6 फीट पर था, अगले तीन दिनों तक जल स्तर 671.6 फीट पर बना रहा। 14 और 15 मई को जल स्तर बढ़कर 671.9 फीट पर गया। 16 मई को जल स्तर 671.3 पर नीचे आ गया। 17, 18, 19 मई को जल स्तर गिरकर 671 फीट पर आ गया। 21 मई को 671 फीट से गिरकर 670.9 फीट पर आ गया। यह आंकड़े दिखा रहे हैं कि 25 मई को होने वाले मतदान से पहले भाजपा दिल्ली का पानी रोककर दिल्ली में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मचाने और दिल्लीवालों को परेशान करने का नया षड़यंत्र रच रही है। जिससे कि वो आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की सरकार को बदनाम कर सके।

आतिशी ने दिल्ली के लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा 25 मई तक लगातार ऐसी नई-नई साजिश की जाएगी। भाजपा द्वारा यह साजिश दिल्ली के लोगों को बरगलाने के लिए की जाएगी। लेकिन आम आदमी पार्टी दिल्ली के लोगों को सतर्क और आगाह करना चाहती है कि भाजपा की इन साजिशों में नहीं आना है। भाजपा को भी बताना चाहती हूं कि वो कितना भी षड़यंत्र रच ले, लेकिन दिल्लीवालों को बेवकूफ नहीं बना सकती है। दिल्लीवालों ने देखा है कि 10 साल में मोदी जी के सारे वादे मात्र जुमले रह गए और दूसरी अरविंद केजरीवाल ने जितने वादे किए, उससे ज्यादा वादे पूरे करवाए। दिल्ली के लोग इस बार सातों सीटें इंडिया गठबंधन को देने वाले हैं।

आतिशी ने कहा कि यमुना में घटते जल स्तर पर तत्काल हम हरियाणा सरकार को चिट्ठी लिखेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो कोर्ट में भी तत्काल एक आवेदन दाखिल करेंगे। क्योंकि पिछले 10 दिनों के यमुना के जल स्तर के आंकड़ों को देखकर बिल्कुल साफ है कि दिल्ली में यमुना का इतना कम जल स्तर कभी नहीं रहा है। यह चुनाव से बिल्कुल पांच-सात दिन पहले किया जा रहा है। पहले आज हम हरियाणा सरकार को चिट्ठी लिख रहे हैं। अगर हमारी चिट्ठी पर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो फिर हम सुप्रीम कोर्ट से भी संपर्क करेंगे। हरियाणा से यमुना का पानी वजीराबाद आता है और वजीराबाद से दिल्ली के बाकी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में जाता है। इसके बाद इन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से दिल्ली के अगल-अलग हिस्से में पानी की आपूर्ति की जाती है। चूंकि हरियाणा सरकार षड़यंत्र कर दिल्ली को पानी नहीं भेज रही है तो दिल्ली के अनेकों हिस्सों में इसका असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बढ़ते जल संकट को देखते हुए सरकार ने कई उपाय किए हैं। मंगलवार को हमने दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ को आदेश दिए हैं कि 24 घंटे के अंदर वाटर टैंकर्स बढ़ाएं जाएं। जहां पर भी बोरबेल से पानी की आपूर्ति होती है, वहां बोरबेल 16 घंटे चलते थे, जिसे बढ़कार 22 घंटे किया जा रहा है।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia