Scrollup

नई दिल्ली, 10 अप्रैल 2024

आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा पर दिल्ली में विधायकों की तोड़-फोड़ करने का लगाया जा रहा आरोप सच होने लगा है। नवंबर 2023 में 23 घंटे तक ईडी की रेड का सामने करने वाले दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री और व्यापारी राजकुमार आनंद ने बुधवार को अपने पद और ‘‘आप’’ की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अचानक आए उनके इस्तीफे पर ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि अब यह साबित हो गया है कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने के इरादे से ही अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। हम पहले दिन से ही यही कह रहे हैं कि ईडी की कार्रवाई के पीछे का मकसद भ्रष्टाचार को उजागर करना नहीं है, बल्कि दिल्ली-पंजाब में ‘‘आप’’ की सरकार गिराना है। आज आम आदमी पार्टी के हर मंत्री और विधायक की भी परीक्षा है कि भविष्य में उन्हें बहादुर के रूप में याद किया जाए या कायर के रूप में याद किया जाए। जल्द ही पूरा देश देखेगा, जब भाजपाई माला पहनाकर राजकुमार आनंद को भाजपा में शामिल करेंगे! उन्होंने स्पष्ट किया कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद भी आम आदमी पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

भाजपा ने यही काम अरुणांचल, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, कर्नाटक, मध्यप्रदेश में भी किया- संजय सिंह

कैबिनेट मंत्री राजकुमार आनंद के इस्तीफा देने को लेकर ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि हमसे एक सवाल बार-बार पूछा जाता था कि आम आदमी पार्टी को ऐसा क्यों लगता है कि ईडी की छापेमारी से पार्टी और विधायक टूट सकते हैं, वो आज साबित हो गया। हम पहले कई बार कह चुके थे कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के पीछे की मंशा आम आदमी पार्टी को तोड़कर खत्म करना है। ईडी की कार्रवाई का उद्देश्य कोई जांच या भ्रष्टाचार को उजागर करना नहीं है, बल्कि इसका असली मकसद आम आदमी पार्टी को तोड़ना है। बीजेपी इस देश की सबसे बड़ी आपराधिक प्रवृति की पार्टी है, जो गुंडागर्दी का आचरण कर रही है। भाजपा का बस यही काम है कि ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल कर विधायकों, मंत्रियों को तोड़ो और फिर अपनी पार्टी में शामिल करो। यही काम इन्होंने महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश में भी किया है।

‘‘आप’’ के नेताओं ने कैसे भ्रष्ट और बेइमान भाजपा से मुकाबला किया था, यह इतिहास में दर्ज होगा- संजय सिंह

सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह वक्त आम आदमी पार्टी के लिए परीक्षा का है। यह समय हर मंत्री और विधायक के लिए परीक्षा का है। यह वक्त आने वाले समय में बताएगा कि क्या हमें बहादुर के रूप में याद किया जाएगा या फिर कायर के तौर पर याद किया जाएगा। इस बात को इतिहास में दर्ज किया जाएगा कि कैसे आम आदमी पार्टी वालों ने भ्रष्ट, बेईमान और गुंडागर्दी करने वाली पार्टी बीजेपी का मुकाबला किया था। उन्होंने कहा कि यह वही राजकुमार आनंद हैं, जिनके वहां 23 घंटे तक ईडी का छापा पड़ा था। उस समय पूरी बीजेपी चिल्ला-चिल्ला कर कह रही थी कि राजकुमार आनंद भ्रष्ट है। सबको अब जल्द ही बीजेपी का असली चाल, चरित्र और चेहरा दिखाई पड़ जाएगा कि जिसको भाजपाई भ्रष्टाचारी बता रहे थे, जब उसको जेपी नड्डा, अमित शाह समेत बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व माला पहना कर भाजपा में शामिल करेंगे। इसके बाद भाजपाई अपने चेहरे पर कालिख लगाकर घूमेंगे। भाजपा का केवल एक चरित्र है कि विपक्षी पार्टियां तोड़कर सरकारों को गिराओं और लोकतंत्र-संविधान को खत्म करो। लेकिन आम आदमी पार्टी के निष्ठावान मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता इन विपरीत परिस्थितियों का मुकाबला करेंगे। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भी पूरी पार्टी एकजुट है।

हमें जानकारी मिल रही है कि राजकुमार आनंद को ईडी का नोटिस भी मिला है, शायद इसलिए वो दबाव नहीं झेल पाए- संजय सिंह

सांसद संजय सिंह ने कहा कि मीडिया वाले बार-बार पूछते थे कि विधायकों से संपर्क और ‘‘आप’’ को तोड़ने वाली बात किस आधार पर कह रहे हैं, यह सब हवा-हवाई है। लेकिन अब सबको पता चल गया होगा कि हम हवा-हवाई बातें कर रहे थे, बल्कि सच्चाई बयां कर रहे थे। बीजेपी की मंशा साफ थी कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करो और आम आदमी पार्टी को तोड़ो। हम पहले भी सच्चाई के साथ थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। राजकुमार आनंद से सहानुभूति हो सकती है, क्योंकि उनका परिवार है। हो सकता है कि वो दबाव न झेल पाए हों। लेकिन ऐसे समय में ही बहादूरों की परीक्षा होती है। हमें ऐसी भी जानकारी मिली है कि राजकुमार आनंद को ईडी का 12 अप्रैल का नोटिस भी मिला है। शायद इसलिए वो दबाव नहीं झेल पाए

जब हम विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाते थे, तब किसी ने यकीन नहीं किया, लेकिन आज यकीन हो गया होगा- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि जब आतिशी, सौरभ भारद्वाज ने विधायकों को खरीदने और पार्टी को तोड़े जाने का आरोप लगाते थे, तब किसी ने यकीन नहीं किया था। अब तो यकीन हो गया होगा। जब भी राजकुमार आनंद बीजेपी में शामिल हों तो मीडिया वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‍डा या जो भी उनको शामिल कराए, उनसे चाल, चरित्र व चेहरा, न खाऊंगा न खाने दूंगा और पार्टी विद द डिफरेंस का सवाल जरूर पूछे। भाजपा से यह सवाल भी जरूर पूछा जाए कि जब राजकुमार आनंद के यहां ईडी की 23 घंटे तक छापा पड़ा था, तब पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्‍डा, अनुराग ठाकुर, दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचेदवा, मनोज तिवारी सब उनको भ्रष्ट बोले थे। अब ऐसे व्यक्ति को आप अपनी पार्टी में शामिल क्यों कर रहे हैं?

जब एक चुने हुए मंत्री को इस तरह डराया जा रहा है तो जब ये चुनाव जीत जाएंगे तब देश का क्या हाल करेंगे?- सौरभ भारद्वाज

इस दौरान आम आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज के कहा कि हमने पहले भी कई बार बताया था कि सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के पीछे इनकी मंशा पार्टी को तोड़कर दिल्ली और पंजाब की सरकारों को गिराना है। सीएम अरविंद केजरीवाल इस बात को बार-बार कह रहे थे। आज बहुत लोगों को लगेगा कि हमें राज कुमार आनंद से बहुत नफरत है। हम उनको धोखेबाज और बेईमान कहेंगे, लेकिन हम उनको ऐसा कुछ नहीं कहेंगे। एक परिवार चलाने वाला आदमी जिसके बच्चे हैं, समाज में इज्जत और रिश्तेदार हैं। ऐसे में अगर उसे ईडी पकड़कर ले जाएगी और तिहाड़ में सालों सड़ाएगी, ये सुनकर वो डर गए। हर आदमी संजय सिंह नहीं है। उन्होंने कई बार ये बात पार्टी के सदस्यों से भी कही कि जैसे ही थोड़ा एक्टिव होता हूं, वैसे ही फोन आ जाता है। एक दलित समाज से आने वाले चुने हुए विधायक और एक मंत्री को इस तरह से डराया जा रहा है तो इस देश में आम लोगों की क्या हालत होगी। जब ये चुनाव जीत जाएंगे तो इस देश का क्या हाल करेंगे?

किसी को पार्टी से दिक्कत होगी तो वो पहले कार्यकाल पूरा करेगा, फिर पार्टी से इस्तीफा देकर दूसरी पार्टी से चुनाव लड़ेगा- सौरभ भारद्वाज

“आप” के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि पटेल नगर एक सुरक्षित सीट है। राजकुमार आनंद ये बात अच्छे से जानते हैं कि सुरक्षित सीट पर अगर वो बीजेपी से लड़ेंगे तो बुरी तरह से हारेंगे और तीसरे नंबर पर आएंगे। वो उस सीट से इसलिए जीते क्योंकि आम आदमी पार्टी के टिकट से लड़े थे। वो सालों तक कई पार्टियों में रहे हैं, उनको ये बात पता है कि बीजेपी का वहां क्या हाल होता है। इसके बावजूद उनसे इस्तीफा दिलवाया गया। उन्होंने पार्टी और अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अब वो विधायक भी नहीं रहे। कौन आदमी ऐसा करेगा? किसी को अगर पार्टी से दिक्कत भी होगी तो वो सोचेगा कि पहले मैं अपना कार्यकाल पूरा करता हूं और जनता के बीच अपनी जगह बनाता हूं। कार्यकाल पूरा होने के बाद पार्टी से इस्तीफा देकर जो पार्टी पसंद आएगी, उससे चुनाव लड़ेंगे। लेकिन ये तो सीधे-सीधे राजनीतिक सुसाइड और आग में कूदने जैसा है। कोई आदमी सुसाइड कर रहा है तो सोचने वाली बात है कि उसके सामने कैसी परिस्थितियां पैदा कर दी गईं होंगी कि वो ऐसा करने पर मजबूर है। एक चुने हुए विधायक और मंत्री को इतना डरा दिया गया कि वो इस्तीफा देने के लिए छोटे से किसी कमरे में छिपकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है।

‘‘आप’’ के सभी साथी डरें नहीं, हमें केजरीवाल जैसा बनना है, राजकुमार आनंद जैसा नहीं- सौरभ भारद्वाज

“आप” नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी को शर्म आनी चाहिए कि उसने इस देश के लोकतंत्र कि ये हालत कर दी है। जिस देश का संविधान बाबा साहब अंबेडकर ने लिखा था कि इस देश में लोग आजादी से जीएंगे और आजादी से सवाल पूछेंगे। सरकार से सवाल पूछेंगे। इन्होंने इस देश की ऐसी हालत कर दी है एक चुने हुए मंत्री इस तरह से इस्तीफा दे रहे हैं। ये बहुत शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक बार तो कामयाब हो गई। लेकिन मैं अपने साथियों से कहना चाहूंगा कि डरना नहीं है। आपके सामने संजय सिंह का उदाहरण है जिन्हें झूठे केस में फंसाया गया। ये 6 महीने जेल में रहे लेकिन आखिरकार बाहर आए और शेर की तरह दहाड़ रहे हैं। आपको संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन बनना है, राज कुमार आनंद नहीं बनना है। हमें उनसे पूरी सहानुभूति है क्योंकि वो डर गए, लेकिन हमें उनके जैसे नहीं अरविंद केजरीवाल के जैसा बनना है।

सही मायने में डॉ. अंबेडकर के रास्ते पर चल रही आम आदमी पार्टी- संजय सिंह

मीडिया के एक प्रश्न का जवाब देते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि आजादी के बाद भारत में ‘‘आप’’ की यह पहली सरकार है जिसने बाबा साहब के संविधान को स्कूलों में पढ़ाने का निर्णय लिया है। हमारे हर सरकारी दफ्तरों में उनकी फोटो लगी है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और बाकी कई राज्यों में सामान्य सीटों पर भी दलित समाज के लोगों टिकट दिया है। इसके अलावा जनता को दी जा रही मुफ्त बिजली, पानी और फ्री बस यात्रा जैसी सुविधाओं का सबसे ज्यादा लाभ वंचित समाज के लोगों को मिलता है। इसलिए ये हो सकता है कि जो उन्हें कहने के लिए बोला गया हो वो वही कह रहे हैं। उन्होंने बातचीत में हमेशा बाबा साहब अंबेडकर के रास्ते पर चलने के लिए पार्टी की तारीफ ही की है। राजकुमार आनंद के पार्टी में दलितों की सुनवाई न होने के आरोपों पर संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले ऐसी कोई शिकायत नहीं की है, बल्कि इस्तीफा देने से दो घंटे पहले उन्होंने को मेरा वीडियो ट्वीट किया था।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia

Archived website: this is an old site archived in 2024 and is no longer updated. For latest updates, please visit aamaadmiparty.org.

पुरानी वेबसाइट: यह वेबसाइट अब अपडेट नहीं की जाती। नवीनतम जानकारी के लिए aamaadmiparty.org पर जाएं।