Scrollup

नई दिल्ली, 24 मार्च 2024

सिविक सेंटर में आम आदमी पार्टी के विधायकों और पार्षदों की एक अहम बैठक हुई। बैठक में ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक ने सीएम अरविंद केजरीवाल से मिले आदेश से उन्हें अवगत कराया और दिल्लीवालों को भरोसा दिया कि जनता का कोई भी काम रूकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सभी विधायकों-पार्षदों और कार्यकर्ताओं से सीएम केजरीवाल के संदेश को दिल्ली की जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता को बताएं कि सरकार द्वारा दिल्लीवालों को दी जा रही फ्री बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत अन्य निःशुल्क सुविधाएं पहले की तरह मिलती रहेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली-पंजाब के बाद जब आम आदमी पार्टी गुजरात गई है, तभी से मोदी जी अरविंद केजरीवाल को खत्म करने का षड़यंत्र कर रहे हैं। ‘‘आप’’ को खत्म करने के लिए ही उनकी गिरफ्तारी की गई है, लेकिन भाजपा चाहे जो मर्जी कर ले, ‘‘आप’’ का एक भी आदमी नहीं टूटेगा। सीएम केजरीवाल जेल से आदेश देते जाएंगे और हम मिलकर उसका पालन करेंगे। भाजपा को अंदाजा नहीं है कि जेल के अंदर बैठा केजरीवाल, बाहर वाले से भी ज्यादा खतरनाक है। अब याचना नहीं, रण होगा।

‘‘आप’’ को कुचलने के लिए मोदी जी ने नैतिकता-अनैतिकता की सारी हदें पार कर दी हैं- डॉ. संदीप पाठक

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक ने त्योहार होने के बावजूद एक आवाज पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के इकट्ठा होने के लिए उनका धन्यवाद किया और कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। सीएम अरविंद केजरीवाल के गिरफ्तार होने के बाद आज पहली बार हम सभी एक साथ इकट्ठा हुए हैं। मैं 24 घंटे काम करूंगा और मैं चाहता हूं कि आप भी 24 घंटे काम करें। जैसे कंस को मालूम था कि उसका अंत कृष्ण के हाथों होने वाला है, रावण को मालूम था कि उसका अंत भगवान श्री राम के हाथ होने वाला है। इतनी बुद्धि मोदी के पास भी है, उन्हें भी मालूम है कि उनका अंत केजरीवाल के हाथ होने वाला है। इसलिए उन्होंने शुरु से ही षड़यंत्र करना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब आप लोगों ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई, तो वो समय बहुत अद्भुत था। उस समन मैं इंग्लैंड में पढ़ाई कर रहा था और बाहर से सब देख रहा था। पूरे दिन हमने कुछ काम नहीं किया। बस पूरे दिन टीवी के सामने आपको देखते रहे। दिल्ली में जब सरकार बनी तो मोदी जी को लगा कि कोई बात नहीं, इन्हें दिल्ली में ही खत्म कर देंगे और आगे नहीं बढ़ने देंगे। लेकिन जनता ने फिर कमाल कर दिया और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बना दी। इसके बाद इन लोगों ने बैठकर प्लानिंग और षड़यंत्र किए। तब उन्होंने सोचा कि किसी भी तरह इन्हें दिल्ली-पंजाब में रोको। लेकिन हम गुजरात चले गए और अच्छा प्रदर्शन किए। इसके बाद इन्होंने तय कर लिया कि किसी भी तरह इस पार्टी को खत्म करो, नहीं तो केजरीवाल हम सबको खा जाएगा। इसके बाद इन्होंने नैतिकता और अनैतिकता की सारी हदें पार कर दीं। अब इनके लिए कोई मायने नहीं रखता की नीति और अनीति क्या है? ये किसी भी तरह से आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को खत्म करना चाहते है।

भाजपा चाहे जो मर्जी कर ले, ‘‘आप’’ का एक आदमी टूटने वाला नहीं है- डॉ. संदीप पाठक

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि इनके षड़यंत्र का हिस्सा था कि पहले केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाए। इसके बाद इनका अगला कदम होगा कि अब ये सीएम अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा मांगेंगे। जैसे ही वो इस्तीफा दे देंगे, उसके बाद ये लोग पार्टी को तोड़ देंगे। गिरफ्तारी तक तो सबकुछ इनके हाथ में था, वहां तक हम कुछ कर नहीं सकते थे। ईडी और सीबीआई बीजेपी के हेडक्वार्टर से चिट्ठियां भेजते है। लेकिन यहां से आगे की जिम्मेदारी हमारे हाथ में है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा नहीं देना चाहिए। इनका षड़यंत्र है कि गिरफ्तार करने के बाद पहले इस्तीफा ले लो और फिर तोड़ो। मैं पूरी पार्टी और सभी वालेंटियर्स की तरफ से सीएम अरविंद केजरीवाल ने निवेदन करता हूं कि केजरीवाल आपको इस्तीफा देने की जरूरत नहीं है। आप जेल से सरकार चलाएं। आप जेल से आदेश पास करो और हम उसपर अमल करेंगे। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि हमारे एक भी आदमी तोड़कर दिखाओ। भाजपा जो मर्जी कर ले, कोई नहीं टूटने वाला है। ये दिल्ली, पंजाब, गुजरात और गोवा में हमें चारों तरफ से तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। अंदर बैठा केजरीवाल, बाहर वाले से भी ज्यादा खतरनाक है। अब याचना नहीं, रण होगा, जीवन-जय या मरण होगा। रण ऐसा होगा, जो कभी नहीं हुआ होगा। केजरीवाल केवल बच्चों के लिए शिक्षा, लोगों के लिए अस्पताल, बिजली, पानी और भ्रष्टाचार को खत्म करने की मांग कर रहे थे। लेकिन भाजपा ने उनको गिरफ्तार कर लिया।

400 पार का नारा लगाने वाली भाजपा ने केजरीवाल को गिरफ्तार कर खुद को 40 पर समेट दिया है- डॉ. संदीप पाठक

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि बाहर कई लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि अब अरविंद केजरीवाल बाहर नहीं हैं, तो पार्टी कैसे चलेगी। लोगों ने मुझसे कई बार फोन करके पूछा। सबको बताना है कि पार्टी जैसे पहले चल रही थी, अभी भी वैसे ही चलेगी। पहले सिविल लाइंस से ऑर्डर आता था, अब जेल से ऑर्डर आएगा। पहले अरविंद केजरीवाल के पास बहुत सारा काम होता था, लेकिन अब तो वहां दिनभर पेन-पेपर लेकर बैठे हुए हैं। आप अपने मन में संदेह मत रखना। केजरीवाल आदेश देते जाएंगे, हम सारे मिलकर उसका पालन करते जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कई संकेत मिले हैं, जिससे लगा कि भगवान खुद हमारा साथ दे रहे हैं। जब चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोटों की चोरी हुई। तब सब लोगों ने उम्मीद छोड़ दी थी कि इस परिस्थिति से बाहर कैसे आएं। तब ऊपर वाले ने अपना कदम बढ़ाया और कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने आ गई। इन्होंने कैमरा बंद कर दिया था, लेकिन भगवान ने उसे चालू कर दिया। पहली बार ये लोग चंडीगढ़ में वोटों की चोरी करते हुए फंस गए। जिसके बाद कोर्ट ने चुनाव कै फैसला बदला और पूरे देश ने देखा। देश-विदेश में मोदी जी की थू-थू हुई। बाद में जब चारों तरफ एक के बाद एक गिरफ्तारियां हो रही थी, तब भगवान ने एक और कदम बढ़ाया और सुप्रीम कोर्ट में इलेक्टोरल बॉन्ड का मुद्दा फिर उठा और बीजेपी की चंदा चोरी का राज खुल गया। लेकिन इतने पर भी इन लोगों को बुद्धि नहीं चली और 400 पार का नारा लगाने वालों ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर अपने आपको 40 पर समेटने का कदम उठा लिया। ये बात सच है कि ‘सच है, विपत्ति जब आती है, कायर को ही दहलाती है, शूरमा नहीं विचलित होते, क्षण एक नहीं धीरज खोते, विघ्नों को गले लगाते हैं, कांटों में राह बनाते हैं।’

हमारा प्रचार खुद मोदी जी कर रहे हैं, देश भर से आवाज आ रही कि इस बार ‘‘आप’’ और इंडिया गठबंधन को वोट देना है- डॉ. संदीप पाठक
े
संदीप पाठक ने कहा कि पूरे देश से एक ही आवाज आ रही है कि जो लोग लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल को वोट नहीं भी देते थे, वो आज आम आदमी पार्टी को वोट देने की बात कह रहे हैं। हमारा खुद कैंपेन मोदी जी कर रहे हैं। हमें इस लड़ाई को एक कदम और आगे ले जाना होगा। मैं सभी कार्यकर्ताओं के लिए अरविंद केजरीवाल का पहला आदेश लेकर आया हूं कि हमें 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली करनी है। इस आदेश को निभाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। हम रामलीला मैदान में विशाल रैली करेंगे। उन्होंने कहा कि 25 मार्च को होली है। हम होली नहीं मनाएंगे, लेकिन जो लोग मनाएंगे उन्हें नहीं रोका जाएगा। इसलिए हम 26 मार्च से अपनी तैयारियां शुरु करेंगे। 26 मार्च को दिल्ली की सभी विधानसभाओं में एक तैयारी बैठक होगी। जिसमें सभी विधायक, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। हम सभी 70 विधानसभाओं में विधानसभा स्तर पर पदाधिकारियों और सारे वालंटियर्स की तैयारी मीटिंग करेंगे। उसके बाद अगले दो दिन 27 और 28 मार्च को हम मंडल स्तर पर बैठक करेंगे। जिसमें हमारे सभी विधायक, पार्षद और मंडल अधिकारी एक साथ तैयारी बैठक करेंगे। इन बैठकों के जरिए हमारा टार्गेट होगा कि हर बूथ से कम से कम 10 व्यक्ति रामलीला मैदान पहुंचे। दिल्ली में करीब 13 से 14 हजार बूथ हैं, अगर हर बूथ से 10 लोग आएंगे तो करीब 1.5 लाख लोग रामलीला मैदान पहुंचेंगे। रैली में अरविंद केजरीवाल अपना संदेश आपके लिए भेजेंगे और हम वो संदेश गली-गली तक पहुंचाएंगे। 31 मार्च की महारैली हमारा पहला प्लान है। इसके साथ ही ‘‘मैं भी केजरीवाल कैंपेन’’ दोबारा शुरु करेंगे। आप लोग अपने घरों के बाहर, गाड़ियों और ऑटो में ‘‘मैं भी काजरीवाल’’ का स्टीकर लगाएं। यहां का हर आदमी केजरीवाल बनेगा। साथ ही सभी लोग अपने हाथ में काला पट्टा बांधेंगे।

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी देश में एक टर्निंग पॉइंट बनने जा रहा है- गोपाल राय

वहीं, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा सिविक सेंटर में रविवार को आम आदमी पार्टी के पूरे परिवार को बुलाया गया है। आज हम सबको अरविंद केजरीवाल के लिए नहीं, बल्कि इस देश के लिए लड़ाई लड़नी है। पूरा देश देख रहा है कि अब दिल्ली में क्या होता है। सबको लगता है कि मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन और अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। अब आम आदमी पार्टी तो खत्म हो जाएगी। लेकिन न आम आदमी पार्टी खत्म होगी और न ही उसकी लड़ाई रुकेगी। आप लोगों को इस लड़ाई के लिए अपने अंदर के डर को खत्म करना होगा। हर कदम पर रणनीति बनाकर आगे बढ़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी एक टर्निंग पॉइंट बनने जा रहा है। एक चिंगारी पूरे जंगलराज को जलाकर खा कर देगी। शायद कुदरत को भी यही मंजूर था कि इस तानाशाही के ताबूत में आखिरी कील अरविंद केजरीवाल को ही ठोकना था। पिछले 6 महीने से ये लोग इसी उधेड़बुन में थे कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करें या नहीं। इन्होंने आम आदमी पार्टी को तोड़ने के लिए हर तरह की कोशिश कर ली। लेकिन कहते हैं न कि जब विपरीत समय आता है तो सारी चीज पलटने लगती हैं. अब बीजेपी के साथ भी यही होगा। बीजेपी को सारे सूत्रों, एजेंसियों ने सुनिश्चित कर दिया कि अब तो 400 पार होने वाला है. लेकिन ऊपर वाले ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जेल में डालो, तुम 400 से 40 पर आ जाओगे।

महारैली से भाजपा को पता चलेगा कि बाहर रहने वाला केजरीवाल से जेल में रहने वाला केजरीवाल ज्यादा खतरनाक है- गोपाल राय

“आप” के दिल्ली प्रदेश संयोजक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को लेकर कई लोगों के मन में सवाल है कि जब वह जेल के अंदर हैं तो सरकार और पार्टी कैसे चलेगी। मैं यह कहना चाहता हूं कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में कल भी सरकार और पार्टी चल रही थी। आज भी पार्टी और सरकार चल रही है और कल भी पार्टी और सरकार चलेगी। उन्होंने कहा कि जिस रामलीला मैदान ने अरविंद केजरीवाल को पैदा किया, उसी मैदान 31 मार्च को अरविंद केजरीवाल की सोच के साथ तानाशाही को खत्म करने के लिए महा अभियान की शुरुआत करेंगे। रामलीला मैदान के चप्पे-चप्पे में लोग होने चाहिए। कोई भी कोना छूटना नहीं चाहिए। 31 मार्च को ऐसी महारैली करनी है कि बीजेपी भी पता चल जाए कि बाहर रहने वाला अरविंद केजरीवाल से जेल में रहने वाला अरविंद केजरीवाल ज्यादा खतरनाक है। हम इस लड़ाई को लड़ेंगे और जरूर जीतेंगे।

आज बीबीसी, वाशिंगटन पोस्ट, न्यूयार्क टाइम्स समेत दुनिया भर के बड़े अख़बारों में हेडलाइन है कि भारत में लोकतंत्र बचेगा या नहीं- आतिशी

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि आज का समय सिर्फ़ आम आदमी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण समय है। यह एक ऐसा समय है, जब दिल्ली समेत पूरा देश और दुनिया हम सभी की तरफ़ देख रही है कि भारत में लोकतंत्र बचेगा या नहीं बचेगा। आज बीबीसी, वाशिंगटन पोस्ट, न्यूयार्क टाइम्स समेत दुनिया भर के बड़े-बड़े अख़बारों में हेडलाइन है कि भारत में लोकतंत्र बचेगा या नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के बाद यह पहली बार हुआ है, जब चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को फ़र्ज़ी केस में गिरफ़्तार कर लिया है। ये देश के इतिहास में पहली बार हुआ है, जब प्रचंड बहुमत से जीते एक सीटिंग मुख्यमंत्री को फर्जी केस में गिरफ़्तार कर लिया है। जिनके पास दिल्ली में 70 में से 62 विधायक हैं।

ईडी-सीबीआई से डर कर भ्रष्टाचार करने वाले जेल से बचने के लिए भाजपा में चले जाते हैं और उनके सारे केस खत्म हो जाते हैं- आतिशी

आतिशी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में इस बात की चर्चा हो रही है और मोदी सरकार की थू-थू हो रही है कि मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र को ख़त्म करने का प्रयास कर रही है, भारत के संविधान की ख़त्म करने का प्रयास कर रही है। हमने पिछले 10 सालों में देखा है कि भाजपा जहां-जहां चुनाव हारती है, वहां किसी न किसी तरह से सरकार को गिराने की कोशिश करती है। अगर वो चुनाव हारते हैं, तो विधायकों की ख़रीद-फ़रोख़््त शुरू कर देते है, ऑपरेशन लोटस शुरू कर देते है। जहां विधायक नहीं ख़रीद पाते, वहां अपने गुंडे ईडी-सीबीआई को विधायकों और विपक्षी दलों के पीछे छोड़ देते हैं। सीबीआई-ईडी के केस करते है, नेताओं के घर में छापे मारते हैं और जिन्होंने ने भ्रष्टाचार किया है वो अपना सर झुककर जेल जाने से बचने के लिए इनकी पार्टी में शामिल हो जाते है। जैसे ही भाजपा में जाते है, उसकी वाशिंग मशीन से धूल जाते है, उनके सारे केस ख़त्म हो जाते है और सीबीआई-ईडी न्यायालय में जाकर बोलती है कि हम केस ख़त्म कर रहे है, क्योकि हमारी फाइल गुम गई है। ऐसे ही एक-एक कर भाजपा ने सभी विपक्षी पार्टियों को तोड़ दिया।

  • जेल में बंद उन नेताओं के परिवारों को सलाम हैं, जो इतनी विकट परिस्थिति में भी आम आदमी पार्टी के साथ खड़े हैं- आतिशी

उन्होंने कहा कि आज अगर कोई एक पार्टी है जिसे अपने हर प्रयास के बाद भी भाजपा झुका नहीं पाई है तो वो आम आदमी पार्टी है। और वो नेता अरविंद केजरीवाल है। मैं आम आदमी पार्टी के उन नेताओं को सलाम करती हूं जो लंबे समय से जेल में झूठे केसों में बंद है। लेकिन अभी तक झुके नहीं है, टूटे नहीं है। मैं इन सभी के परिवारों को भी सलाम करती हूं कि इनका परिवार बेशक विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है, लेकिन आज तक उनके मुंह से ये शब्द नहीं निकला कि आम आदमी पार्टी छोड़ दो। मनीष सिसोदिया की पत्नी की तबीयत इतनी ख़राब रहती है फिर भी इतनी विकट परिस्थिति में भी वो कहती हैं कि मनीष जी चाहे जीतने दिन जेल में रहें, वो कभी आम आदमी पार्टी नहीं छोड़ेंगे, कभी भाजपा में नहीं जाएँगे।

केवल आम आदमी पार्टी को झुकाने के लिए मोदी जी ने ईडी-सीबीआई से झूठा केस कर बिना सबूत के चुनाव से पहले गिरफ्तार करा लिया- आतिशी

आतिशी ने कहा कि भाजपा के इतने प्रयासों के बाद भी जब आम आदमी पार्टी और हमारे नेता नहीं झुके तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगा कि अब हमारे पास आम आदमी पार्टी को झुकाने का एक ही चारा बचा है कि अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ़्तार कर लिया जाए। इसलिए ईडी-सीबीआई का झूठा केस कर बिना किसी प्रमाण के चुनाव की घोषणा के बाद रात के अंधेरे में आकर अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ़्तार कर लिया। उन्हें लगा कि आम आदमी पार्टी वाले अब ख़त्म हो जाएंगे। भाजपा को ये भ्रम है कि अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति है। भाजपा को बताना चाहती हूं कि अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं है, एक विचार, एक प्रेरणा और एक चिंगारी है। भाजपा अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल सकती है, लेकिन उनके विचारों को जेल में कैसे डालेगे। अरविंद केजरीवाल ने देश के हज़ारों-लाखों लोगों में देशभक्ति की जो चिंगारी डाली है, उसे जेल में कैसे डालोगे। भाजपा एक अरविंद केजरीवाल को जेल में डालेंगी तो हज़ारों अरविंद केजरीवाल इस देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविंद केजरीवाल को चुनाव की घोषणा के बाद गिरफ़्तार कर ख़ुद से भी एक घोषणा कर दी है और पूरे देश-दुनिया को बता दिया कि अरविंद केजरीवाल ही वो एक नेता है, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डरते है। जिस दिन अरविंद की गिरफ़्तारी हुई। वहां बहुत से कार्यकर्ता थे और सबके मुंह से एक ही नारा निकला ’मोदी तेरा एक ही काल, केजरीवाल केजरीवाल।’

दिल्ली वालों के काम जितनी तेज़ी से हो रहे थे, अब उससे ज़्यादा तेज़ी से होंगे- आतिशी

‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि जैसे कंश को पता चल गया था कि उसका विनाश भगवान श्रीकृष्ण करेंगे। जैसे रावण ने पहचान लिया था कि उसका विनाश भगवान श्रीराम करेंगे। ठीक वैसे ही आज मोदी की ने पहचान लिया है कि इस देश के संविधान को बचाने के लिए अरविंद केजरीवाल जी ही उनका नाश करेंगे। उन्होंने कहा कि, जब से अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी हुई है। तब से दिल्लीवालों के मन में यह शंका है कि अरविंद केजरीवाल ने हमें फ्री बिजली दी है, फ्री पानी दिया है, अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लिनिक और अस्पताल दिए है। लेकिन क्या अब ये सब रुक जाएगा? इसलिए आम आदमी पार्टी के हर नेता और हर कार्यकर्ता को दिल्लीवालों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर जाना है। उन्हें बताना है कि दिल्लीवालों का कोई भी काम नहीं रुकेगा। काम जितनी तेज़ी से हो रहे थे, उससे ज़्यादा तेज़ी से होंगे।

हम जेल में रहें या बाहर, हम पर कितना भी अत्याचार होगा, लेकिन हम अपने लोकतंत्र और संविधान के लिए हमेशा समर्पित हैं- आतिशी

आतिशी ने सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा पानी-सीवर की समस्या समाधान को लेकर दिए निर्देश का जिक्र करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के 2 करोड़ लोग मेरा परिवार मानते हैं। वो एक बेटे, एक भाई और एक पिता की तरह हिरासत में होते हुए भी दिल्लीवालों के लिए सोच रहे हैं। ऐसे में आप सभी को ये संदेश दिल्ली के हर व्यक्ति तक लेकर जाना है कि बेशक अरविंद केजरीवाल जेल में है, फिर भी वो दिल्लीवालों के हर काम करवा रहे है, जैसे वो पहले करवाते आए है। आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कहा था की चाहे मैं जेल के अंदर रहूं या जेल के बाहर रहूं। मेरा जीवन इस देश के लिए समर्पित है। ये अरविंद केजरीवाल है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को यहां से ये प्रण लेकर जाना है कि चाहे हम अंदर रहे या बाहर रहे, चाहे कितना अत्याचार हो। चाहे पुलिस उठा कर थाने में डाले, पर हमारे शरीर का कतरा-कतरा इस देश के लिए इस संविधान इस लोकतंत्र के लिए समर्पित है। इसलिए अब हमें ये लड़ाई और मज़बूती से लड़नी है। अरविंद केजरीवाल के सिपाही होने के नाते लड़नी है। ख़ुद अरविंद केजरीवाल होकर लड़नी है।

जब भी अरविंद केजरीवाल ने आह्वान किया, दिल्ली के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा- सौरभ भारद्वाज

वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी के गठन से पहले अरविंद केजरीवाल भूख हड़ताल पर थे। शुरू में न मीडिया साथ थी और न लोगों को पता था। हम लोग सोच रहे थे कि किसी तरह से 10 लाख हस्ताक्षर हो जाएं और अरविंद केजरीवाल अपनी भूख हड़ताल तोड़ें। बाद में वही आंदोलन काफी बड़ा बन गया। इसके बाद दिल्ली में सीसीटीवी लगाने के लिए अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और गोपाल राय एलजी के ऑफिस में घुसकर धरने पर बैठ गए। उस समय बहुत बड़ा चैलेंज हो गया था कि बाहर आंदोलन कैसे खड़ा किया जाए। इसके बाद पार्टी के आह्वान पर मुख्यमंत्री के घर से एलजी के घर तक मार्च निकालने का फैसला लिया गया। उस मार्च में इतना बड़ा हुजूम इकट्ठा हुआ, जो अपने आप में ऐतिहासिक था। उन्होंने कहा कि जिस दिन अरविंद केजरीवाल के घर ईडी आई और मीडिया से खबर लोगों तक पहुंची तो कार्य दिवस होने के बावजूद लोग पहुंचे। इसके बाद अरविंद केजरीवाल क गिरफ्तारी के अगले दिन बड़ा प्रदर्शन हुआ। शहीदी पार्क में उससे भी व्यापक प्रदर्शन हुआ। जब भी अरविंद केजरीवाल ने आह्वान किया, दिल्ली के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ आंदोलन अब जनता के बीच पहुंच रहा है- सौरभ भारद्वाज

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ आंदोलन भी धीरे-धीरे जनता के बीच जा रहा है। जनता हमारे साथ है। जनता आम आदमी पार्टी की तरफ देख रही है कि अब आम आदमी पार्टी का विधायक क्या करेगा। कहीं ऐसा तो नहीं कि मुखिया के गिरफ्तार होने के बाद सभी डरकर घर में बैठ गए हैं। पिछले दो-तीन दिनों से जो गतिविधियां हो रही हैं, उससे जनता के अंदर एक नया विश्वास आया है। जिस दिन अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हुए थे। उस दिन बहुत से लोगों ने यह मान लिया था कि आम आदमी पार्टी अब खत्म हो गई है, ‘‘आप’’ की सरकार गिर जाएगी और भाजपा अपनी सरकार चलाएगी। मगर जिस दिन से सडकों पर हमारे कार्यकर्ता केंद्र सरकार से लड़ते हुए दिख रहे हैं, जनता को विश्वास हो गया है कि ये लोग मानने वाले नहीं हैं। इसलिए मेरा मानना है कि 31 मार्च को होने वाली महारैली में रामलीला मैदान के अंदर जितने लोग होंगे, उससे कहीं ज्यादा लोग बाहर सड़कों पर होंगे। अरविंद केजरीवाल जेल में जाने से पहले सभी कार्यकर्ताओं के कंधे पर सारी जिम्मेदारी डालकर गए हैं। वो वकीलों की दलीलों से नहीं, बल्कि जनता के आंदोलन से छूटेंगे।

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia

Archived website: this is an old site archived in 2024 and is no longer updated. For latest updates, please visit aamaadmiparty.org.

पुरानी वेबसाइट: यह वेबसाइट अब अपडेट नहीं की जाती। नवीनतम जानकारी के लिए aamaadmiparty.org पर जाएं।