Scrollup

नई दिल्ली/झारखंड, 21 अप्रैल 2024

झारखंड के रांची में हुई इंडिया गठबंधन की महारैली में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने और जेल में इंसुलिन मुहैया नहीं कराने पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि ये लोग मेरे पति को इंसुलिन न देकर जेल में मारना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल 20 साल से शुगर के मरीज हैं और करीब 12 साल से 50 यूनिट इंसुलिन रोज लेते हैं। लेकिन उनको इंसुलिन नहीं दी जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने स्कूल, अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक बनवाकर दिल्लीवालों को अच्छी व मुफ्त शिक्षा-स्वास्थ्य का इंतजाम किया। यही उनका कसूर है। इस दौरान सुनीता केजरीवाल ने सीएम केजरीवाल की तरफ से देशवासियों को दी गई छह गारंटी के बारे में बताया। केजरीवाल ने गारंटी दी है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद पूरे देश को 24 घंटे और फ्री बिजली दी जाएगी। हर गांव-मोहल्ले में स्कूल-अस्पताल बनाए जाएंगे और सबको मुफ्त शिक्षा-इलाज मिलेगा। किसानों को फसल का उचित दाम और दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाया जाएगा।

अरविंद केजरीवाल के अंदर देशभक्ति कूट-कूट कर भरी है- सुनीता केजरीवाल

इस दौरान सुनीता केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और मेरे पति अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया है। झारखंड की जनता के चहेते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी जेल में डाल दिया। जनता तय करे कि मोदी जी ने क्या सही किया? अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन का क्या कसूर है? अभी तक कोर्ट ने इन्हें गुनाहगार नहीं ठहराया है, कोई दोष साबित नहीं हुआ है। फिर भी गुंडागर्दी और छल-कपट से उनको जेल में डाल दिया गया है। ये लोग कहते हैं कि जांच चल रही है, लेकिन यह कैसी जांच है, जहां आप बिना दोष साबित हुए जेल में डाल दो। यह तानाशाही है। ऐसी तानाशाही जनता नहीं बर्दाश्त करेगी। भगवान करे, ऐसी तानाशाही किसी को देखनी न पड़ें। मेरे पति अरविंद केजरीवाल का यही कसूर है कि उन्होंने दिल्ली में सरकारी स्कूलों को अच्छा किया, बच्चों को अच्छी शिक्षा दी। अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनवाया। दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की चर्चा तो पूरी दुनिया में है। अरविंद केजरीवाल के अंदर देशभक्ति कूट-कूट कर भरी है।

केजरीवाल के सारे दोस्त विदेश चले गए, लेकिन उन्होंने समाज सेवा करने का फैसला लिया- सुनीता केजरीवाल

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल ने आईआईटी पास की, तब उनके सभी दोस्त पढ़ने या नौकरी के लिए विदेश चले गए। लेकिन अरविंद केजरीवाल विदेश नहीं गए, क्योंकि इन्हें जनता की सेवा करनी थी। हमारी जब शादी तय हुई तो अरविंद केजरीवाल ने मुझसे पूछा कि मुझे समाज सेवा करनी है। तुम्हें कोई समस्या तो नहीं है। ऐसे व्यक्ति को इन्होंने जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल को आईआरएस की नौकरी मिली, लेकिन उनको तो समाज सेवा का जूनून सवार था। वो नौकरी से छुट्टी लेकर गरीबों के लिए काम करने लगे। 2006 में उन्होंने नौकरी ही छोड़ दी और झुग्गी-बस्तियों में काम करने लगे। ऐसे व्यक्ति को जेल में डाल दिया है। 2011 में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन हुआ। अरविंद केजरीवाल ने जनता के हक के लिए दो बार 13-14 दिनों लंबा-लंबा अनशन किया। केजरीवाल शुगर के मरीज हैं। डॉक्टर ने अनशन के लिए मना किया, लेकिन अपनी जान दांव पर लगाकर अनशन किए। अरविंद केजरीवाल वसूलों के एकमद पक्के हैं।

केजरीवाल को सत्ता से कोई मोह नहीं, वो देश को नंबर वन बनाना चाहते हैं- सुनीता केजरीवाल

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पहली बार मुख्यमंत्री बने तो मात्र 49 दिनों में ही इस्तीफा दे दिया। कोई चपरासी भी अपनी नौकरी नहीं छोड़ता है। अरविंद केजरीवाल को सत्ता से कोई मोह नहीं है। उनको तो केवल देश की सेवा करनी है। उनको देश को नंबर वन बनाना है। अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि अगर पढ़ लिखकर ईमानदार लोग ही राजनीति में नहीं आएंगे, तो देश आगे कैसे बढ़ेगा? कई लोग बोलते हैं कि राजनीति बहुत गंदी चीज है। वाकई बहुत गंदी चीज है, तभी अरविंद केजरीवाल के खाने पर कैमरा लगाया हुआ है। अरविंद केजरीवाल के एक-एक निवाले पर नजर रखी जा रही है। यह कितनी शर्म की बात है। अरविंद केजरीवाल 12 साल से इंसुलिन की 50 यूनिट रोज लेते हैं। लेकिन जेल में उनको इंसुलिन नहीं दी जा रही है। ये लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री को मारना चाहते हैं। ये लोग अरविंद केजरीवाल की सोच को समझ ही नहीं सकते। अरविंद जी का मानना है कि इस देश ने उनको बहुत अच्छी शिक्षा दी है, उनकी बहुत अच्छी परवरिश हुई है। यह उन पर देश का कर्ज है, जो उन्हें चुकाना है। उन्हें देश के लिए संघर्ष करना है और देश की सेवा करनी है। इसलिए इस लड़ाई में डरना क्या? अरविंद केजरीवाल बहुत बहादुर और शेर हैं। उनके मन में सिर्फ एक बात है कि आम आदमी की जिंदगी कैसे बेहतर बनाएं।

जेल से केजरीवाल ने भेजा संदेश, ’’केवल नाम में ही इंडिया नहीं है, हमारे दिल में भी इंडिया है’’

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि जेल में भी उन्हें भारत माता की चिंता है। जेल से उन्होंने देश की जनता के लिए संदेश भेजा है। उन्होंने कहा है कि अगर देश की जनता इस बार इंडिया गठबंधन को मौका देती है तो हम सब मिलकर इस देश को बहुत महान बनाएंगे। केवल नाम में ही इंडिया गठबंधन नहीं है, बल्कि हमारे दिल में भी इंडिया है। उन्होंने सबके लिए छह गारंटी दी है। पहली, पूरे देश में 24 घंटे बिजली मिलेगी। कोई पावर कट नहीं होगा। दूसरा, हर गरीब को फ्री बिजली मिलेगी। तीसरी, हर गांव-मोहल्ले में सरकारी स्कूल बनेंगे, जहां अच्छी और फ्री शिक्षा मिलेगी। चौथी, हर गांव-मोहल्ले में मोहल्ला क्लीनिक बनेंगे। हर जिले में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनेंगे, जहां हर देशवासी का फ्री और अच्छा इलाज होगा। पांचवीं, किसानों को स्वामीनाथम आयोग के मुताबिक फसलों के वाजिब दाम मिलेंगे। छठां, दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। यह सभी गारंटी पांच साल में पूरा करेंगे। इसके लिए पैसा कहां से आएगा, इसकी भी पूरी प्लानिंग हो गई है।

उन्होंने कहा कि अभी तक जनता का हम सभी को बहुत प्यार मिला है। जनता के आशीर्वाद और प्यार की वजह से अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन इन तानाशाही ताकतों से संघर्ष कर रहे हैं। जनता से अपील है कि इस सघर्ष में हमारा साथ दें। यह भारत पूरे दुनिया का अध्यात्मिक राजधानी माना जाता है। यहां पर हम तानाशाही नहीं होने देंगे, तानाशाही को मिटा देंगे। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।

केजरीवाल और हेमंत सोरेन को तो गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन उनकी सोच को कहां कैद करेंगे- भगवंत मान

महारैली को संबोधित करते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये कोई राजनीति रैली या शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि हम संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेने के लिए इकट्ठा हुए हैं। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन देश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। ये लोग सामान्य परिवारों से निकलकर आए हैं। इनका केवल यह कुसूर था कि ये लोगों को सहूलियतें देना चाहते थे। लोगों के लिए अस्पताल बनवाना चाहते थे, गरीबी और बेरोजगारी मिटाना चाहते थे। वो अच्छे स्कूल, इंफ्रास्ट्रक्टर की बात करते थे। उन्होंने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा दी, इस महंगाई के समय में वो महिलाओं को 1 हजार रुपए महीना देना चाहते थे। लेकिन इ्न्हें उठाकर जेल में डाल दिया गया। आप अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को तो गिरफ्तार कर लोगे, लेकिन उनकी सोच को कहां कैद करोगे?

भाजपा को गलतफहमी है कि केजरीवाल को जेल में डाल कर ‘‘आप’’ को खत्म कर देंगे- भगवंत मान

सीएम भगवंत मान ने कहा कि यह देश किसी के बाप की जागिर नहीं है। ये देश 140 करोड़ लोगों का है। ये लोग इस गलतफहमी में हैं कि जेल में डालकर अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन की आवाज दबा देंगे और पार्टी को खत्म कर देंगे। किसी का एमएलए, एमपी तोड़ लो, किसी के खाते फ्रीज कर दो, ताकि इनके सामने कोई लड़ ही न पाए। अगर भाजपा को मोदी लहर पर इतना ही यकीन है तो हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल जैसे देशभक्तों से किस बात का डर है? 6 महीने बाद इन्हें संजय सिंह को छोड़ना पड़ा। ईडी को किसी के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। इसी तरह से ये हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल को भी छोड़ेंगे। ये लोग अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता डरते हैं क्योंकि ये जहां भी जाते हैं, वहां से बीजेपी का सूपड़ा साफ हो जाता है। आमतौर पर ईडी और सीबीआई के मामले में परिवार में सन्नाटा छा जाता है। लेकिन हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की धर्म पत्नी कल्पना सोरेन और सुनीता केजवाल पूरे आत्मविश्वास के साथ हमारे साथ खड़ी हैं।

भाजपा जुमलों की पार्टी है, इनका काम केवल सरकारें तोड़ना, विधायक-सासंदों को खरीदना है- भगवंत मान

सीएम भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी 31 मार्च को रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली के बाद से डर गई है। पहले चरण के मतदान के बाद से ये डर गए हैं, क्योंकि 19 अप्रैल को 102 सीटों पर मतदान हुआ है, जिसमें से 80 से 90 सीटें इंडिया गठबंधन को आ रही हैं। हम जेल से डरने वाले लोग नहीं है। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली थी। पंजाब के पछवाड़ा में कोयले की खदान है जिसके संबंध में हमारी हेमंत सोरेन से बातचीत होती रहती थी। हेमंत सोरेन कहते थे कि झारखंड के लोग गरीब नहीं है। यहां बहुत कुछ है। यहां के लोगों को गरीब रखा गया है। इन लोगों ने यहां जल, जंगल, जमीन का पेसा कानून लागू नहीं किया। हमारी कोयला खदानों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों पर भी केंद्र सरकार की नजर है। वो इसे भी हमसे छीनना चाहते हैं। हमारे राज्यों में कोयला होते हुए भी ये हमें विदेशों से कोयला मंगाने के लिए कहते हैं। ये हमारे कोयले को अपने दोस्तों-मित्रों के लिए रखना चाहते हैं। बीजेपी जुमलों की पार्टी है। इनका काम केवल सरकारें तोड़ना, विधायक और सासंदों को खरीदना है। आप इनके जुमलों में मत आना। इस देश की आजादी के लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां दी है, और ये लोग इसके मालिक बनकर बैठ गए हैं। हमें इनके अहंकार को झुकाना है।

मोदी जी आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं को पकड़कर जेल में डाल रहे हैं- संजय सिंह

इस दौरान ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि पूरे देश का आदिवासी समाज इस बार भाजपा वालों की जमानतें जब्त कराने का काम करेगा। नरेंद्र मोदी ने मुझे भी 6 महीने तक जेल में रखा था। हमारे सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन जेल में हैं। ये हमारी पूरी पार्टी को पकड़कर जेल में डाल रहे हैं। झारखंड के सबसे लोकप्रिय नेता हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल का संदेश है कि इस लड़ाई में पूरी दिल्ली और पूरा देश झारखंड के साथ साथ खड़ा है, आपको डरने की जरूरत नहीं है। झारखंड के लोगों ने सिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को बनाया है। भाजपा जंगल में रहकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले लोगों को जेल से डराने की कोशिश मत करे। बीजेपी की जमानत जब्द कराने के लिए पूरे देश के आदिवासी, दलित और पिछड़ा समाज एक साथ खड़े हैं।

भाजपाई बाबा साहब के संविधान को नहीं, नागपुर के संविधान को मानते हैं- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि पूरे देश में बाबा साहब अंबेडकर का संविधान चलता है। हम सब लोग उनके संविधान को मानते हैं। एक तरफ भारत के लोग बाबा साहब के संविधान को मानते हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपाई नागपुर के संविधान को मानते हैं। नागपुर का संविधान दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों का आरक्षण और चुनाव खत्म करके नरेंद्र मोदी की तानाशाही लाने की बात करता है। उन्होंने कहा कि ये अंतिम चुनाव है। इसलिए इस चुनाव में इनकी जमानतें जब्त कराकर इन्हें हराना और कहना कि हम देश का संविधान नहीं बदलने देंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या से बीजेपी का प्रत्याशी लल्लू सिंह कहता है कि हमें 400 सीट दे दो, संविधान बदलना है। बीजेपी ज्योति मिर्धा, बीजेपी सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े ने कहा कि हमें संविधान बदलना है। अभी बीजेपी प्रत्याशी अरुण गोविल ने कहा कि संविधान बदला है। याद रखना कि अगर ये संविधान बदलेंगे तो आपसे आरक्षण और चुनाव में आपकी वोट की ताकत को छीनेंगे। 2015 में मोहन भागवत ने कहा था कि अरक्षण खत्म होना चाहिए। आरएसएस के नेता मोहन वैद्य आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं। लेकिन जब तक हम इस धरती पर जिंदा हैं, तब तक हम आरक्षण और संविधान का अधिकार नहीं खत्म होने देंगे।

मोदी जी गारंटी देते हैं कि एक भी भ्रष्टाचारियों को नहीं छोड़ूंगा, तभी पूरे देश के भ्रष्टाचारियों को भाजपा में शामिल कर लिया है- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि इन लोगों ने हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। जब नरेंद्र मोदी और भाजपाई भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हैं तो लगता है कि ओसामा बिन लादेन और डाकू गब्बर सिंह अहिंसा पर उपदेश दे रहे हैं। 2014 के बाद से इस देश में मोदी वॉशिंग पाउडर निकला है, जो चुटकियों में दाग धुल देता है। इन्होंने अजित पवार, छगल भुदबल, हसन मुसरिफ, अशोक चौहान, नारायण राने, मुकुल रॉय, शुभेंदु अधिकारी और हिमंता बिस्वा सरमा पर करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में खुद इन्हें बीजेपी में शामिल कर लिया। इनका एक ही नारा है जो जिनता बड़ा भ्रष्टाचारी, वो उतना बड़ा पदाधिकारी। प्रधानमंत्री मोदी गारंटी देते हैं कि भ्रष्टाचारियों को नहीं छोडूंगा, इसलिए इन्होंने पूरब से लेकर पश्चिम तक और उत्तर से लेकर दक्षिण तक सारे भ्रष्टाचारियों को बीजेपी में शामिल कर लिया है। आज सारे बेईमान बीजेपी में हैं।

भाजपाई श्मशान बना सकते हैं, लेकिन आपके बच्चों के लिए स्कूल-अस्पताल नहीं बना सकते हैं- संजय सिंह

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेने जब भी प्रचार करते हैं तो स्कूल, अस्पताल बनाने, बुजुर्गों को पेंशन देने, आदिवासी समाज, दलितों और पिछड़ों के लिए काम करने की बात करते हैं। इसी तरह भगवंत मान, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव भी अपनी रैलियों में स्कूल अस्पताल बनाने और बेरोजगारी भत्ता देने की बात करते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी अपनी रैलियों में श्मशान बनाने की बात करते हैं। भाजपाई श्मशान बना सकते हैं, लेकिन आपके बच्चों के लिए स्कूल और अस्पताल नहीं बना सकते हैं। संजय सिंह ने कहा कि कोरोना के समय जब दिल्ली में लोगों की जान जा रही थी, और हमनें प्रधानमंत्री से ऑक्सीजन मांगा तो उन्होंने कहा कि ताली और थाली बजाओ, दीया जलाओ कोरोना ठीक हो जाएगा। लेकिन हम झारखंड के मूख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अहसानमंद हैं, जिन्होंने उस कठिन समय में कहा कि हम दिल्लीवासियों को मरने नहीं देंगे, वहां ऑक्सीजन झारखंड की धरती से जाएगा। हम आपका अहसान भूले नहीं हैं। इस लड़ाई में हम आपके साथ हैं।

इंडिया गठबंधन के लोग भारत के लिए काम करेंगे और मोदी जी अडाणी के लिए काम करेंगे- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि मोदी जी झूठ बोलने की फैक्ट्री हैं। वो केवल झूठ बोलने की गारंटी दे सकते हैं, इसलिए उनकी पार्टी का नाम भारतीय झुट्ठा पार्टी है। इन लोगों ने 2 करोड़ रोजगार, किसानों की दोगुनी आय और महंगाई खत्म करने पर आपसे झूठ बोला है। इसलिए जब वोट देने जाना तो अपने घर का सिलेंडर और वो मोटरसाइकिल देखकर निकलना। इन्होंने देश की बिजली, पानी, गैस, कोयला, पोर्ट, एयरपोर्ट और पूरा देश अडाणी को दे दिया और नौजवानों के हाथ में 4 साल की अग्निवीर की नौकरी दे दी। ये लोग देश की जनता को बेवकूफ बनाना चाहते हैं। इंडिया गठबंधन के लोग भारत के लिए काम करेंगे और नरेंद्र मोदी अपने लोगों के साथ अडाणी के लिए काम करेंगे। संजय सिंह ने कहा कि आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को जेल में इंसुलिन की दवा भी नहीं दी जा रही है। जिस व्यक्ति ने दिल्ली के हर आदमी के लिए दवा का इंतजाम किया है, आज उसे खुद दवा नहीं दी जा रही है। इस तरह का जुल्म और तानाशाही के बाद आप देश में 400 का नारा देते हो। ये 400 पार का नारा फर्जी है, इस बार इन्हें तड़ीपार करना है। 4 जून को देश में बदलाव होगा और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, और पूरे देश से भाजपाइयों का सफाया होगा

When expressing your views in the comments, please use clean and dignified language, even when you are expressing disagreement. Also, we encourage you to Flag any abusive or highly irrelevant comments. Thank you.

socialmedia

Archived website: this is an old site archived in 2024 and is no longer updated. For latest updates, please visit aamaadmiparty.org.

पुरानी वेबसाइट: यह वेबसाइट अब अपडेट नहीं की जाती। नवीनतम जानकारी के लिए aamaadmiparty.org पर जाएं।